राजस्थान में Rajasthan Weather को लेकर मौसम विभाग ने बड़ा अपडेट जारी किया है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के सक्रिय होने से राज्य के कई हिस्सों में 2 अगस्त तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बनी मौसमी प्रणाली के असर से पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसके साथ ही कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।

2 अगस्त तक सक्रिय रहेगा मॉनसून
मौसम विभाग के अनुसार, 30 जुलाई से 2 अगस्त तक पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में मॉनसून सक्रिय रहेगा। इस दौरान अधिकांश स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। वहीं, कुछ इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश दर्ज होने का अनुमान है। कोटा, भरतपुर, जयपुर, अजमेर, उदयपुर और बीकानेर संभाग के कई क्षेत्रों में बारिश का असर सबसे अधिक रहने की संभावना है।
पश्चिमी राजस्थान में भी बढ़ेगी बारिश
मौसम विभाग ने बताया कि जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में भी आज से 2 अगस्त तक मॉनसून फिर सक्रिय रहेगा। इन क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है। इससे लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे इलाकों को राहत मिल सकती है।
प्रतापगढ़ में सबसे ज्यादा बारिश
बुधवार को राज्य के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई।
- प्रतापगढ़: 53.5 मिमी
- जयपुर: 24.7 मिमी
- दौसा: 18 मिमी
- वनस्थली: 7 मिमी
- करौली: 3 मिमी
इसके अलावा कई अन्य जिलों में बादल छाए रहे और हल्की बारिश या बूंदाबांदी हुई।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने बीकानेर, सलूम्बर, उदयपुर, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर और श्रीगंगानगर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में कहीं-कहीं मध्यम से तीव्र मेघगर्जन के साथ भारी बारिश हो सकती है। साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
सीकर, चूरू, नागौर, डीडवाना-कुचामन, झुंझुनू, दौसा, करौली, बूंदी, कोटा, भीलवाड़ा, अजमेर, जयपुर, टोंक, चित्तौड़गढ़ और हनुमानगढ़ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
पढ़ें ये खबरें
- राशन कार्डधारियों को सितंबर-अक्टूबर का एक साथ मिलेगा चावल, जानें कब तक कर सकेंगे उठाव
- हाईकोर्ट ने जिला शिक्षा अधिकारी की नियुक्ति पर लगी रोक हटाई, याचिकाकर्ताओं ने वापस लिया केस, जानिए क्या है मामला
- सागर की जहरीली शराब त्रासदी के बाद महिलाओं का गुस्सा फूटा! शिवपुरी में शराब दुकान पर बोला धावा, बोतलें बाहर फेंककर लगाई आग
- अपराधियों को सजा में देरी नहीं! मुख्य सचिव ने अफसरों को दिया समयबद्ध कार्रवाई का अल्टीमेटम
- भ्रष्टाचार के हदें पार: ताश के पत्तों की तरह ढहा पुल, टला बड़ा हादसा


