० कोटा-उदयपुर संभाग में भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी, जयपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बरसेंगे बादल

जयपुर। राजस्थान में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 29 जुलाई से 2 अगस्त के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा। इस दौरान पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां तेज होने के साथ कई जिलों में भारी से अतिभारी वर्षा होने की संभावना है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने की सलाह दी है।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, कोटा, झालावाड़, बारां, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा और डूंगरपुर में आज से बारिश का जोर बढ़ेगा। इन जिलों में कई स्थानों पर भारी से अतिभारी वर्षा दर्ज की जा सकती है। वहीं जयपुर, अलवर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, सवाई माधोपुर और टोंक में गरज-चमक, तेज हवाओं और मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

पश्चिमी राजस्थान में भी बदलेगा मौसम

अजमेर, सीकर, नागौर, बीकानेर, फलौदी, जैसलमेर और शाहपुरा में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। वहीं जोधपुर में दिनभर उमस के बाद शाम या रात तक मौसम बदल सकता है और बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी राजस्थान में भी मानसून की गतिविधियां धीरे-धीरे बढ़ेंगी।

बीते 24 घंटे में कई जिलों में झमाझम बारिश

मंगलवार को झालावाड़, भरतपुर, जयपुर, सवाई माधोपुर, टोंक, चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा सहित कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा टोंक में रिकॉर्ड हुई। वहीं श्रीगंगानगर में दिन के समय तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया था, लेकिन शाम को हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया।

प्रमुख शहरों का मौसम

राजधानी जयपुर में मंगलवार को दिनभर बादलों की आवाजाही के बीच रुक-रुककर बारिश होती रही। जेएलएन मार्ग पर 16 मिमी और जालसू क्षेत्र में 25 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। कोटा में दोपहर बाद करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई, जबकि अजमेर में उमस बनी रही। सीकर के लक्ष्मणगढ़ में 51 मिमी बारिश दर्ज की गई। अलवर के सिलीसेढ़ और राजगढ़ क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण कई सड़कों पर करीब तीन फीट तक पानी भर गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।

मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी कुछ दिनों तक राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा और विशेष रूप से पूर्वी तथा दक्षिण-पूर्वी जिलों में भारी बारिश देखने को मिल सकती है।