Rajasthan Weather Update: भीषण गर्मी और तपिश के बीच राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। फाल्गुन महीने में पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई जिलों में हुई बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों को थोड़ी राहत तो दी है, लेकिन अब मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए फिर से चेतावनी जारी कर दी है।

16-17 मार्च तक राहत, फिर होगी आफत

मौसम विभाग के मुताबिक, आज 16 मार्च और कल 17 मार्च को राज्य भर में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। लोग धूप का सामना करेंगे, लेकिन 18 मार्च के बाद हालात बदल जाएंगे। दरअसल, एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे 18 से 21 मार्च के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी-तूफान और बारिश के आसार हैं।

18 मार्च को पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं 19-20 मार्च तक विक्षोभ का असर सबसे ज्यादा दिखेगा। इस दौरान जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर और भरतपुर संभाग में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश होने की पूरी संभावना है।

बता दें कि बारिश के बावजूद राज्य के कई शहरों में गर्मी का असर कम नहीं हुआ है। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, चित्तौड़गढ़ में पारा सबसे अधिक 38.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं, कोटा में 38.0 और बाड़मेर में 37.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। दूसरी ओर, न्यूनतम तापमान के मामले में अंटा (बारां) सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 16.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

ग्राउंड रिपोर्ट्स के अनुसार, अचानक मौसम में बदलाव से उन किसानों की चिंता बढ़ गई है जिनकी फसलें अभी खेतों में हैं। तेज हवाएं और बारिश फसलों को नुकसान पहुंचा सकती हैं। प्रशासन ने सलाह दी है कि 18 तारीख के बाद जब आंधी-तूफान की स्थिति बने, तो पेड़ या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें।

पढ़ें ये खबरें