लखनऊ. सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने सपा नेता राम गोपाल यादव पर चुटकी है. उन्होंने एक्स पर सपा में फूट की बात कही है. उन्होंने लिखा है कि ‘समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होगी. राम गोपाल यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी को चिट्ठी सौंपी है. खनन घोटाला और गोमती रिवर फ्रंट घोटाला का मास्टरमाइंड कौन है, पूरा उत्तर प्रदेश जानता है. शिकंजा कस रहा है तो सपा परेशान है. महाराष्ट्र बंगाल छोड़िए, समूची सपा, भाजपा में शामिल होने को तैयार बैठी है.’
इस पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव और पार्टी महासचिव राम गोपाल यादव ने भी पलटवार किया है. अखिलेश ने कहा कि साल 2017 के पहले इन्हें कोई जानता नहीं था. दाना और गाना कब तक चलेगा अफसाना. वहीं राम गोपाल ने ओपी राजभर को ‘मूर्ख’ करार दिया और कहा कि वह उनकी बातों को तवज्जो नहीं देते. राम गोपाल ने कहा कि मूर्खों की बातों का मैं कोई नोटिस नहीं लेता हूं. समाजवादी पार्टी में टूट का कोई सवाल ही नहीं है. जो कह रहा है वह अपनी पार्टी की चिंता करे.
इसे भी पढ़ें : जिसने भी मंदिर का धन खाया, वो सुख नहीं भोगेगा… केशव मौर्य ने कहा- जांच जारी है, श्री हनुमान जी महाराज की गदा चलेगी
राजभर ने दावा किया कि गोमती रिवर फ्रंट मामले में सपा प्रमुख अखिलेश यादव का भी नाम है. ओम प्रकाश राजभर के इस बयान पर सपा प्रवक्ता सुनील साजन ने भी बयान दिया. उन्होंने कहा कि पहले ओम प्रकाश राजभर मोदी को गुजरात और योगी को गोरखपुर भेज रहे थे. हमारा पीडीए (PDA) इस बार इन्हें हराने जा रहा है.

