कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने लखनऊ में प्रेस वार्ता कर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर अनुसूचित जाति व जनजाति के अधिकारों को दबाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि सरकार की लापरवाही के कारण राजकीय मेडिकल कॉलेजों में दलित छात्रों का 70 प्रतिशत आरक्षण घटकर 21 प्रतिशत रह गया.

लखनऊ. स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार देश की बड़ी आबादी यानी अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के अधिकारों को लगातार छीन रही है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से दलित समाज को न्याय मिलने की कोई उम्मीद नहीं है.

मेडिकल कॉलेजों में आरक्षण घटने का आरोप

राजेंद्र पाल गौतम ने बताया कि सहारनपुर, अंबेडकरनगर, कन्नौज और जालौन के राजकीय मेडिकल कॉलेजों का निर्माण स्पेशल कंपोनेंट प्लान (एससीपी) के तहत दलित कल्याण के बजट से किया गया था. इन कॉलेजों में 200 सीटें तय की गई थीं, जिनमें 70 प्रतिशत सीटें दलित समाज के विद्यार्थियों के लिए आरक्षित रखी गई थीं.

अदालत में सरकारी पक्ष की कमजोरी

कहा कि उच्च न्यायालय में एक निजी याचिका पर सुनवाई के दौरान राज्य विधि अधिकारी ने सरकार की नीति को मजबूती से प्रस्तुत नहीं किया. इसके परिणामस्वरूप न्यायालय ने नीतिगत व्यवस्था समाप्त करने का आदेश दिया, जिससे दलित वर्ग का आरक्षण 70 प्रतिशत से घटकर महज 21 प्रतिशत पर आ गया. जबकि मामला डबल बेंच में लंबित होने के बावजूद राज्य सरकार की ढिलाई से छात्रों का बड़ा नुकसान हुआ.

स्पेशल कंपोनेंट प्लान की पृष्ठभूमि

कांग्रेस प्रभारी ने बताया कि आजादी के बाद दलितों की स्थिति सुधारने के लिए वर्ष 1975 और 1978 में अध्ययन कराया गया था. इसके आधार पर योजना आयोग ने वर्ष 1978-79 में शेड्यूल कास्ट कंपोनेंट प्लान लागू किया, ताकि बजट का तय हिस्सा सीधे दलित कल्याण पर खर्च हो सके.

बजट डाइवर्ट करने का आरोप

एससीपी के नियमों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि इस फंड का न खर्च हो पाया पैसा लैप्स नहीं हो सकता और उसे अगले वित्तीय वर्ष में जोड़ना अनिवार्य होता है. राजेंद्र पाल गौतम ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार इन नियमों की अनदेखी कर रही है, जिससे दलित विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति और छात्रावासों का विकास प्रभावित हो रहा है.

संवाददाता सम्मेलन के दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सह-प्रभारी संजीव आर्य, मीडिया विभाग के अध्यक्ष कुंवर सिंह निषाद, उपाध्यक्ष प्रियंका गुप्ता, जोनल समन्वयक पुनीत पाठक, प्रवक्ता सिद्धिश्री, मान सिंह चौहान और हम्माम वहीद भी उपस्थित रहे.