कुंदन कुमार/पटना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बिहार प्रदेश कार्यालय में गुरूवार का दिन बेहद उत्साहपूर्ण रहा। पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री राजेश झा राजू ने गुरूवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अपने कार्यालय में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा जिन्होंने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी।
पूजा-अर्चना और हवन के साथ कार्यभार की शुरुआत
पदभार ग्रहण करने से पूर्व राजेश झा ने कार्यालय परिसर में विशेष पूजा-अर्चना और हवन का आयोजन किया। मंत्रोच्चार के बीच कार्यभार ग्रहण करने की यह प्रक्रिया भाजपा की संस्कृति और परंपराओं को दर्शाती है। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ अपने नेता का स्वागत किया जिससे कार्यालय का माहौल ऊर्जा से भर गया।
संगठन को और अधिक सशक्त बनाना है प्राथमिकता
पदभार ग्रहण करने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए राजेश झा राजू ने केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता-आधारित संगठन है और उनकी प्राथमिकता पार्टी के हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता को साथ लेकर चलने की है।
उन्होंने आगे कहा संगठन की मजबूती के लिए आगामी दिनों में प्रदेश स्तर पर संवाद और समन्वय का कार्यक्रम चलाया जाएगा। हम बिहार के हर कोने में भाजपा की विचारधारा को और अधिक प्रभावशाली ढंग से पहुंचाएंगे।
कार्यकर्ताओं के परिश्रम से नई ऊंचाई पर पहुंचेगी भाजपा
राजेश झा ने बिहार में पार्टी की वर्तमान स्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में भाजपा संगठन तेजी से विस्तार कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम को पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में वे न केवल संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे बल्कि सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य भी और अधिक तत्परता से करेंगे।
इस दौरान उपस्थित वरिष्ठ नेताओं ने भी राजेश झा के कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में बिहार भाजपा आगामी चुनौतियों का डटकर सामना करेगी और राज्य में पार्टी की नींव और भी मजबूत होगी।

