नालंदा‌। राजगीर मलमास मेले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है जहां सुनामी झूला झूल रहे एक 25 वर्षीय युवक की गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान नवादा जिले के बिक्कू गांव निवासी अमन कुमार के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे मेले में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने एहतियातन सभी बड़े झूलों के संचालन पर रोक लगा दी है।

​क्या है पूरा मामला?

​अमन अपने परिवार के साथ मेला घूमने आया था। चश्मदीद और मृतक के चचेरे भाई प्रिंस ने बताया कि वे दोनों साथ में झूला झूल रहे थे। जैसे ही झूला तेजी से घुमा अमन संतुलन बिगड़ने के कारण नीचे गिर पड़ा। गिरने से पहले वह झूले के पोल से टकराया और फिर सीधे सिर के बल जमीन पर जा गिरा। गंभीर रूप से घायल अमन को पहले स्थानीय अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे पावापुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

​वीडियो में कैद हुई खौफनाक घटना

​सामने आए वीडियो में दिखा कि झूला शुरू होने के कुछ ही पलों के भीतर यह हादसा हुआ। लगभग 50 फीट ऊंचे झूले से गिरते वक्त अमन पोल से टकराया जिससे उसकी चोटें और अधिक घातक हो गईं। वीडियो में लोगों की चीखें साफ सुनी जा सकती हैं जिसके बाद मेले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

​परिजनों के आरोप और पुलिस की कार्रवाई

​मृतक के परिजनों ने सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आशंका जताई कि अमन की सेफ्टी बेल्ट या तो ढीली थी या उसे ठीक से लॉक नहीं किया गया था। परिजनों का आरोप है कि संचालक की लापरवाही के कारण ही यह जानलेवा हादसा हुआ।
​दूसरी ओर मेला थाना प्रभारी जितेंद्र राम का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि युवक झूला झूलते समय सेल्फी और रील बनाने का प्रयास कर रहा था जिस दौरान उसका संतुलन बिगड़ा। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए झूला संचालक के खिलाफ राजगीर थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। प्रशासनिक स्तर पर जांच जारी है और घटना के बाद से मेला प्रशासन ने सभी बड़े झूलों को सील कर दिया है ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो।