जीतेन्द्र सिन्हा, राजिम। लल्लूराम डॉट कॉम में प्रकाशित खबर का एक बार फिर बड़ा असर देखने को मिला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संवेदनशील और जनकेंद्रित नेतृत्व के तहत गरियाबंद जिले में एक वृद्ध हितग्राही की समस्या पर त्वरित कार्रवाई करते हुए शासन-प्रशासन ने तत्काल राहत सुनिश्चित की है।
बता दें कि फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम पथर्री निवासी भीखलु राम ध्रुव लंबे समय से वृद्धावस्था पेंशन और राशन जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित थे। इसे लेकर लल्लूराम डॉट कॉम ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद कलेक्टर बी.एस. उइके ने स्वयं मामले की समीक्षा की और संबंधित विभागों को तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए। जांच में पाया गया कि ई-केवाईसी लंबित होने के कारण हितग्राही को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था।

प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कराई, जिसके बाद भीखलु राम ध्रुव को तीन माह की लंबित वृद्धावस्था पेंशन एकमुश्त प्रदान की गई। साथ ही खाद्य विभाग द्वारा उनके घर पहुंचकर 1 क्विंटल चावल भी उपलब्ध कराया गया और नियमित राशन आपूर्ति सुनिश्चित की गई।

लाभ मिलने के बाद भीखलु राम ध्रुव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पेंशन और राशन मिलने से उनके जीवन में बड़ी राहत आई है और सरकार की संवेदनशीलता से उन्हें भरोसा मिला है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शासन केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि योजनाओं का लाभ समय पर हर जरूरतमंद तक पहुंचे और कोई भी पात्र हितग्राही वंचित न रहे।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

