साउथ सिनेमा के दो सबसे बड़े सुपरस्टार रजनीकांत (Rajinikanth) और कमल हासन (Kamal Haasan) एक बार फिर साथ आने जा रहे हैं. दोनों दिग्गज कलाकारों की आगामी फिल्म ‘थलाइवर 173’ का आधिकारिक टाइटल रिवील कर दिया गया है. फिल्म का नाम ‘धर्मन’ (Dharman: The Deadly Doctor) रखा गया है. इसके साथ ही मेकर्स ने रजनीकांत का दमदार और रहस्यमयी फर्स्ट लुक भी जारी कर दिया है, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है.

फिल्म का पहला पोस्टर काफी दिलचस्प और सस्पेंस से भरा हुआ है. पोस्टर में रजनीकांत (Rajinikanth) एक अस्पताल के कमरे में नजर आ रहे हैं. उनके हाथों में सर्जरी के उपकरण दिखाई दे रहे हैं और ग्लव्स पर खून के निशान साफ नजर आते हैं. इतना ही नहीं, उनके पैरों के पास एक शख्स भी पड़ा दिखाई देता है, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि फिल्म में उनका किरदार बेहद खतरनाक और अनोखा होने वाला है. पोस्टर देखकर साफ है कि यह कोई साधारण डॉक्टर की कहानी नहीं होगी.
कमल हसन ने फर्स्ट लुक किया शेयर
फिल्म का टाइटल और फर्स्ट लुक शेयर करते हुए कमल हासन (Kamal Haasan) ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, “Justice Will Prevail” यानी न्याय की जीत होगी. इसके बाद से ही फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है. यह फिल्म इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि रजनीकांत (Rajinikanth) और कमल हासन (Kamal Haasan) करीब 47 साल बाद बड़े पर्दे पर साथ काम कर रहे हैं. आखिरी बार दोनों सितारे साल 1979 में रिलीज हुई फिल्म ‘अलाउद्दीनुम अलबुथा विलाकुम’ में नजर आए थे. इतने लंबे अंतराल के बाद दोनों सुपरस्टार्स को एक साथ देखना फैंस के लिए किसी बड़े सिनेमाई उत्सव से कम नहीं माना जा रहा.
फिल्म की घोषणा काफी समय पहले कर दी गई थी. उस दौरान एक खास प्रोमो वीडियो भी रिलीज किया गया था, जिसमें रजनीकांत (Rajinikanth), कमल हासन (Kamal Haasan) और संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर नजर आए थे. तभी से इस प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा लगातार बनी हुई है.
कौन कर रहा निर्देशन
हालांकि फिल्म के निर्देशन को लेकर कई बदलाव देखने को मिले. शुरुआत में इस प्रोजेक्ट के लिए निर्देशक सुंदर सी का नाम सामने आया था, लेकिन बाद में उन्होंने फिल्म से दूरी बना ली. इसके बाद सिबी चक्रवर्ती को फिल्म से जोड़े जाने की खबरें आईं, लेकिन कुछ अन्य पेशेवर कारणों से वह भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं बन सके. आखिरकार अब यह पुष्टि हो चुकी है कि फिल्म का निर्देशन अश्वथ मरिमुथु करेंगे.
पोस्टर में नजर आ रहे कई हिंट्स
फिल्म के फर्स्ट लुक ने यह भी संकेत दे दिया है कि रजनीकांत (Rajinikanth) एक सर्जन की भूमिका में नजर आ सकते हैं. हालांकि पोस्टर में दिखाई गई हिंट्स से लगता है कि उनका किरदार केवल मरीजों का इलाज करने वाला डॉक्टर नहीं, बल्कि एक ऐसा ‘डेडली डॉक्टर’ होगा जो न्याय के लिए किसी भी हद तक जा सकता है. फिलहाल फिल्म की शूटिंग और रिलीज डेट को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन टाइटल और फर्स्ट लुक ने यह साबित कर दिया है कि ‘Dharman: The Deadly Doctor’ आने वाले समय की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक बनने वाली है. अब फैंस को इस बहुप्रतीक्षित फिल्म की अगली बड़ी अपडेट का इंतजार है.

