Bihar News: बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए सभी 8 सीटों पर सुबह 8 बजे से मतदान जारी है। इस बीच जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने MLC चुनाव को लेकर कहा कि, बिहार की तस्वीर तो पूरी तरह से स्पष्ट हो चुकी है। हम आठों की आठों सीटें जीत रहे हैं।
उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की करिश्माई छवि, 20 वर्षों में बिहार के असाधारण विकास के रचयिता और आधुनिक बिहार के विश्वकर्मा नीतीश कुमार की जो जोड़ी है और उसके साथ बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में जो नीतीश जी की विरासत है, उसको आगे बढ़ाने की जो ईमानदार कोशिश है, मतदाता एक सही रोडमैप पर चल रहे बिहार से संतुष्ट हैं और इसीलिए एनडीए (NDA) के आठों उम्मीदवार चुनाव जीत रहे हैं।
राहुल गांधी को विरासत में मिला सोने का चम्मच
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी जवाबी हमला बोला है। राजीव रंजन ने कहा कि, यह सच है कि राहुल गांधी को विरासत में सोने का चम्मच मिला। उन्हें अनेक अवसर मिले। वो लंबे समय से भारत की संसद में बरकरार हैं मगर इसके बावजूद कांग्रेस आज कहां चली गई? राहुल गांधी का मजबूत होना और कांग्रेस की दयनीय स्थिति की शुरुआत होना; इन दोनों से बिल्कुल स्पष्ट है कि राहुल गांधी ने अपना तो कुछ नहीं ही किया, कांग्रेस का भी बेड़ा गर्क कर दिया। देश के अनेक राज्यों में कांग्रेस सिमटती गई, सिकुड़ती जा रही है, जिन राज्यों में सरकारें हैं और जहां वो सरकार में नहीं हो कर भी मजबूत पार्टी के तौर पर जाने जाते हैं; उन सभी जगहों पर जो गहरा असंतोष है, पार्टी के अंदर बिखराव है; इसके नतीजे आने वाले समय में कांग्रेस को भुगतने पड़ेंगे।
ओम बिरला के बयान पर कही ये बात
वहीं, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के CEC को लेकर दिए गए बयान पर राजीव रंजन ने कहा कि, देखिए निसंदेह इस तरह की कोशिशें पहले भी विफल हुई हैं। एक बार फिर महाभियोग को लेकर विपक्ष की ओर से जो मोशन लाने की कोशिश है, तो जो संसदीय व्यवस्था है, जो विधायी प्रक्रिया है, उसके आधार पर मोशन को जांचा जाता है। अगर पात्रता है तो उसे स्वीकार किया जाता है, पात्रता नहीं है तो अस्वीकार किया जाता है। यह मान्य सिद्धांत है और इस पर किसी को मतभेद नहीं होना चाहिए।
यह चिंता का सबब- राजीव रंजन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर ‘कुछ लोग भारत की प्रतिष्ठा को मिट्टी में मिलाने पर तुले हुए हैं’ पर जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि, देखिए यह सच है कि भारत के लोकतंत्र को पूरी दुनिया में आदर के भाव से देखा जाता है। विशालतम लोकतंत्र, जिस देश की आबादी 150 करोड़ लोगों की हो और जिस तरह से इस देश में लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान रहा है, जनता जिस तरह से अपने मूल्यों को लेकर, अपने अधिकारों को लेकर के प्रतिबद्ध रही है ऐसे में अव्यवस्था पैदा करने की अगर कोशिशें हो रही हैं, तो यह चिंता का सबब जरूर है।
उन्होंने कहा कि, राहुल गांधी के साथ कुछ ऐसे नेताओं को देखा जाना जो बार-बार अव्यवस्था के पोषक बयान देने के लिए जाने जाते हैं प्रशांत भूषण हों या एक नवोदित नेता हो। हाल के दिनों में अभी वामपंथी रुझान के एक नवोदित नेता का भी बयान आया। कुल मिलाकर के जो तस्वीर है, इस देश के लोग बहुत ही सही दिशा में इन बयानों को नहीं देखते हैं।
ये भी पढ़ें- बिहार MLC चुनाव: मतदान के बीच जनसुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थक छोटू सिंह गिरफ्तार! STF ने उठाया

