राजनांदगांव। नवंबर माह से करीब डेढ़ सौ गुणा जमीनों के बढे हुए दाम पर पक्षकार रजिस्ट्री कराने को मजबूर है. ऐसे उम्मीद है कि प्रदेश के रायपुर और कोरबा की तरह बढ़े हुए दाम में शासन द्वारा कमी की जाएगी. लेकिन करीब सौ से अधिक लोगों द्वारा लगाए गए दावा आपत्ति की अब तक सुनवाई नही हुई हैं. जिसके चलते रियल स्टेट कारोबार से जुड़े लोगों में बढ़े रेट को लेकर नाराजगी बनी हुई हैं.

यह भी पढ़ें : Bilaspur News Update : ऐप डाउनलोड किया तो उड़ गए 4.11 लाख रुपए… स्पा सेंटर की संचालिका मैनेजर पर मामला दर्ज… ब्लैकमेलिंग से त्रस्त दो बच्चों की मां ने की खुदकुशी, प्रेमी गिरफ्तार

पिछले सात साल बात राज्य शासन द्वारा कलेक्टर गाइड लाइन में डेढ़ सौ फीसदी तक बढ़ोत्तरी कर दी गई है. इस बढ़ोत्तरी को लेकर जमीन कारोबारी और आम लोगों में भी नाराजगी और विरोध देखी गई. जिसके बाद राज्य शासन ने प्रदेशभर से दावा आपत्ति मंगाई है.
सूत्रों ने बताया कि राजनांदगांव में भी जिला मूल्यांकन समिति की बैठक के बाद जमीनी स्तर पर दुबारा मंगाए गए रिपोर्ट को राज्य के मूल्यांकन समिति को भेजी गई है.

बहरहाल, जमीन के दर में कमी करने के कोई ऐसी संकेत नही है. पिछले बीस नवंबर से अब तक लोग बढ़े हुए कलेक्टर दर पर ही रजिस्ट्री करा रहे हैं. उल्लेखनीय है कि करीबन सात सालों बाद नवंबर 2025 में प्रदेश सरकार ने जमीनों के सरकारी दाम में बड़ा इजाफाकर दिया था. जिसका पहले दिन से ही विरोध भी शुरू हो गया था.

सौ से अधिक आपत्तियां : राज्य शासन के केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड द्वारा सभी जिलो के कलेक्टरों को पुनरीक्षण दर भेजने के निर्देश दिए थे. इससे पहले लोगों से दावा आपत्ति लिए गए थे, जिसमें सौ से अधिक आवेदन आए थे. जिसका निराकरण जिला मूल्यांकन समिति को सुनवाई कर शासन को नए दर भेजना था. शासन ने अपने आदेश में पुनरीक्षण के प्रस्ताव भेजने कहा गया था. जिसे जिला प्रशासन द्वारा भेजा जा चुका है.

बिल्डर और जमीन से कारोबार परेशान: शासन द्वारा बीस नवंबर से बढ़ाए गए दर का सीधा असर रियल स्टेट कारोबार पर देखने को मिल रहा है. दर बढ़ने के बाद रोजाना मुश्किल से बीस रजिस्ट्री हो रही है. जबकि पहले यह आंकड़ा पचास से अधिक था. इस बढ़े हुए दर के चलते पक्षकार रजिस्ट्री कराने से पीछे हट रहे है. शासन के इस फैसले का सीधा असर बिल्डर और जमीन से जुड़े कारोबारियों पर पड़ा है. यही कारण है कि दर में कमी को लेकर थोक में सैकड़ों आपत्तियां आई है.

हत्या का प्रयास पर तीन आरोपियों को भेजा गया जेल

राजनांदगांव। हत्या के एक प्रयास के मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. प्रार्थिया की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ धारा 109, 296, 351 (2), 191 (2), 191 (3), 190 भारतीय न्याय संहिता कायम कर विवेचना कार्रवाई में लिया गया था.

कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने रिपोर्ट दर्ज करायी थी कि आरोपीगण मनीष अमोरिया, आकाश मरकाम, रवि, विकास मरकाम, रवि, भैयालाल, याकूब ने एक राय होकर उसके पति दीपेश ढीमर को जान से मारने की नीयत से हाथ-मुक्का एवं चाकू से प्राणघातक चोट पहुंचाई है, जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम थाना प्रभारी कोतवाली के नेतृत्व मे आरोपियों के पतासाजी हेतु टीम गठित कर संभावित ठिकानों में दबिश देकर लगातार पतासाजी किया जा रहा था, आरोपियान घटना बाद से लगातार फरार चल रहे थे.

इस दौरान मुखबिर से मिली पर 7 फरवरी को दबिश देकर आरोपी आकाश मरकाम पिता रोहित मरकाम (19 वर्ष) साकिन अटल आवास लखोली थाना कोतवाली जिला राजनांदगांव भैयालाल महिलांगे पिता सरजू महिलांगे (19 वर्ष) साकिन बैगापारा लखोली थाना कोतवाली जिला राजनांदगांव एवं विधि से संघर्षरत बालक को घेराबंदी कर पकड़ा गया, पूछताछ पर जुर्म स्वीकार करने पर विधिवत गिरफ्तारी कार्यवाही कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया. जेल वारंट प्राप्त होने पर जिला जेल में दाखिल किया गया.

दो म्यूल एकाउंट धारक भेजे गए जेल

राजनांदगांव। पुलिस ने म्यूल एकाउंट धारक दो लोगों को हिरासत में लिया है. उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया.

कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम से मिली जानकारी के अनुसार केन्द्रीय गृह मंत्रालय द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल के माध्यम से विभिन्न म्यूल एकाउंट धारकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त पत्र के अनुसार सायबर अपराध की जानकारी साझा करते हुए म्यूल एकाउंट धारक दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है.

आरोपियों के नाम आवेश पिता अब्दुल रउफ खान उम्र 24 वर्ष निवासी गौरीनगर, पुलिस चौकी चिखली तथा मुकेश कुमार वैष्णव पिता बंशीदास वैष्णव उम्र 28 वर्ष निवासी दीनदयाल कॉलोनी कौरिनभाठा राजनांदगांव बताए जाते हैं.

ट्रेन से शराब की तस्करी करते दो युवक गिरफ्तार

राजनांदगांव। ट्रेन से शराब तस्करी करते दो युवक पकड़े गए. दोनों आरोपी सोमनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम खुटेरी के 1 निवासी बताए जाते हैं. पुलिस ने आरोपियों के पास से शराब जब्त करते हुए उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर लिया है.

रेलवे पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दक्षिण पूर्व मध्य रेल्वे नागपुर मंडल के रेल्वे सुरक्षा बल के द्वारा ऑपेरशन सतर्क चलाया जा रहा है. इस अभियान के दौरान 5 फरवरी को रेल्वे सुरक्षा बल पोस्ट गोंदिया के प्रभारी के नेतृत्व में मंडल टास्क टीम आरपीएफ तथा जीआरपी गोंदिया के अधिकारियों द्वारा गोंदिया रेल्वे स्टेशन पर संयुक्त जांच अभियान चलाया गया.

इस दौरान प्लेटफार्म क्र. 4 पर खड़ी गाड़ी संख्या 18029 कुर्ला एक्सप्रेस में दो संदिग्ध लोगों को एक बैग के साथ पकड़ा गया. आरोपियों के नाम लक्की बंजारे पिता शेखन बंजारे उम्र 29 वर्ष निवासी ग्राम खुटेरी, थाना सोमनी तथा प्रेमदास कुर्रे T पिता सोहन लाल कुर्रे उम्र 29 वर्ष निवासी ग्राम खुटेरी थाना सोमनी जिला राजनांदगांव बताए जाते हैं. उनके पास रखे बैग की तलाशी लेने पर 31 नग पौव्वा अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 1240 रूपये आंकी गई है. आरोपियों के खिलाफ जीआरपी गोंदिया ने धारा 65 अ ई, 66 ब महाराष्ट्र दारूबंदी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है.

चतुर्दशी तिथि में मनेगी महाशिवरात्रि

राजनांदगांव। महाशिवरात्री को लेकर अभी से शिव मंदिरों में तैयारियां शुरू हो गई है. शहर के मां पाताल भैरवी से लेकर अन्य मंदिरों में व्यापक तैयारी व सजावट कार्य किया जा रहा हैं. हर साल की तरह इस बार भी शहर में धूमधाम से महाशिवरात्रि पर्व मनाए जाने की तैयारियां जोरो पर चल रही हैं.

इस साल फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि 15 फरवरी को शाम 5:06 बजे शुरू होगी और 16 फरवरी को शाम 5:35 बजे समाप्त होगी. महाशिवरात्रि पर शिव पूजन का विधान मध्यरात्रि ही है, इसलिए उदया तिथि मान्य नहीं होगी. 15 फरवरी को ही त्रयोदशी-युक्त चतुर्दशी के साथ महाशिवरात्रि मनाई जाएगी और इसी दिन मध्यरात्रि पूजा होगी. इस दिन सूर्य, बुध, राहु और शुक्र एक साथ मिलकर एक शक्तिशाली चतुदर्शी योग बना रहे हैं. इसके अलावा सुबह 7:08 बजे से शाम 7:48 बजे तक, सर्वार्थ सिद्धि योग रहेगा.

नीलगिरी पार्क निवासी आचार्य पंडित दिनेश शर्मा ने बताया कि इसे ज्योतिष में सबसे शुभ योगों में से एक माना जाता है, जो 83 बाधाओं को दूर करने और सफलता सुनिश्चित करने के लिए जाना जाता है.

सर्वार्थ सिध्दि योग अधिक फलदाई : 15 फरवरी को सुबह 7 बजकर 45 मिनट से लेकर शाम 7 बजे तक सर्वार्थ सिद्धि योग रहने वाला है. इस योग में भगवान आराधना करने से हर मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं. रुद्राभिषेक करने के इच्छुक भक्त सर्वार्थ सिद्धि योग में महाशिवरात्रि के दिन रुद्राभिषेक कर सकते हैं.

गोंदिया से छपरा के लिए चलेगी होली स्पेशल ट्रेन

राजनांदगांव। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा होली पर्व के अवसर पर गोंदिया से छपरा जंक्शन के लिए स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है . होली के दौरान ट्रेनों में होने वाली अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को सुगम यात्रा प्रदान करने के लिए ये स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं .

इन स्पेशल ट्रेनों में गाड़ी संख्या (08863/08864) गोंदिया-छपरा- गोंदिया (एक फेरे के लिए) होली स्पेशल. गाड़ी संख्या (08865/08866) गोंदिया- छपरा-गोंदिया (एक फेरे के लिए) होली स्पेशल, और गाड़ी संख्या (08863/08864) गोंदिया-छपरा-गोंदिया (एक फेरे के लिए) होली स्पेशल ट्रेन शामिल है.

यह ट्रेन गोंदिया एवं छपरा के मध्य एक फेरे के लिए संचालित की जाएगी . 08863 गोंदिया-छपरा होली स्पेशल – 01 मार्च, 2026 को गोंदिया से 17:00 बजे रवाना होकर 18:00 बजे डोंगरगढ़, 18:26 बजे राजनांदगांव, 19:20 बजे दुर्ग 20:05 बजे रायपुर 20:55 बजे भाटापारा, 20:15 बजे उसलापुर, 23:41 बजे पेंड्रा रोड, 00:20 बजे अनूपपुर, 00:55 बजे शहडोल, 2:08 बजे उमरिया, 4:35 बजे कटनी 6:05 बजे सतना, 9:00 बजे मानिकपुर जंक्शन, 10:50 बजे प्रयागराज छिवकी, 12:00 चुनार, 17:05 बजे वाराणसी, 18:50 जौनपुर, 1940 बजे केराकत, 20:08 बजे ओड़िहार, जंक्शन 20:55 बजे गाजीपुर, 22.08 बजे बलिया, 22:50 बजे रेवती, 23:32 बजे ‘बकुलहा, दिनांक 03 मार्च, 2026 को सुबह 00.45 बजे छपरा पहुंचेगी.

गाड़ी संख्या 08864 दिनांक 03 मार्च 2026 को 4:45 बजे छपरा से रवाना होकर, 5:18 बजे बकुलहा, 5:52 बजे रेवती, 6:35 बजे बलिया, 07.45 बजे गाजीपुर, 08:40 बजे ओड़िहार, 9:38 केराकत, 10:25 बजे जौनपुर, 12:50 बजे वाराणसी, 16:00 बजे चुनार, 18:30 बजे प्रयागराज छिवकी, 20:30 बजे मानिकपुर, 21:15 बजे सतना, बजे 22:50 बजे कटनी 00.30 उमरिया, 01:52 बजे शहडोल, 02. 36 बजे अनूपपुर, 03:18 बजे पेंड्रा रोड, 05:15 बजे उसलापुर, 06:08 बजे भाटापारा, 7:15 बजे रायपुर, 8:10 बजे दुर्ग, 8:38 बजे राजनांदगांव, 09:04 बजे डोंगरगढ़ दिनांक 04 मार्च 2026 को 11:00 बजे गोंदिया पहुंचेगी.

वहीं गाड़ी संख्या ( 08865/08866) गोंदिया-छपरा-गोंदिया (एक फेरे के लिए) होली स्पेशल गाड़ी संख्या 08865 गोंदिया छपरा दिनांक 2 मार्च 2026 को गोंदिया से 17:00 रवाना होकर 4 मार्च 2026 को सुबह 00:45 बजे छपरा पहुंचेगी. गाड़ी संख्या 08866 दिनांक 4 मार्च 2026 को छपरा से 4:45 बजे रवाना होकर अगले दिन 05 मार्च 2026 को 11:00 बजे गोंदिया पहुंचेगी. गाड़ी संख्या (08865/08866) गोंदिया- छपरा-गोंदिया के मध्य के स्टेशनों का ठहराव एवं समय सारणी भी गाड़ी संख्या (08863/08864) गोंदिया-छपरा- गोंदिया के अनुसार ही रहेगी.

शहर में सिटी बस की सेवा ठप, गांव में सिटी बसों की दरकार

राजनांदगांव। करीब पांच करोड़ रूपए की लागत से नगरनिगम को मिले बीस सिटी बसों को पुनः शुरू कराए जाने की मांग उठने लगी है. भले ही शहर में सिटी बसे संचालित करने में प्रशासन नाकाम रहा है, लेकिन इसे लेकर ग्रामीण गांव तक चलाने की मांग कर रहे है. ताकि उन्हें गांव से शहर और मुख्यालय तक जाने सिटी बसों के जरिए सस्ती बस सुविधा का लाभ मिल सके.

राजनांदगांव में शुरूआती दौर में सिटी बसे अच्छी चल रही थी. खासकर ग्रामीण इलाको में तय किए गए रूट में बसे लगातार चल रही थी. लेकिन प्रशासन द्वारा सिटी बसों का संचालन का जिम्मा पहले से ही निजी बस चला रहे लोगो को दिए जाने के कारण यह महती योजना लापरवाही की भेंट चढ़ गई और आपस में ट्रांसपोर्टर उलझ गए. जिसके चलते आज तक सड़को पर सिटी बसे नही दिख रही है.

प्रशासन ने बीस सिटी बसों को चलाने के लिए आधा दर्जन से अधिक रूट बनाए थे. जिसमें रेल्वे स्टेशन से रिद्धी-सिद्धी कालोनी से नर्सरी – जंगलपुर गांव से अर्जुनी से नंदई से लखोली से कन्हारपुरी 2 रेल्वे स्टेशन से ढेल्काडीह 3 रेल्वे स्टेशन बसंतपुर – बायपास से तुमड़ीबोर्ड, 4 रेल्वे स्टेशन से बस स्टैण्ड से मोतीपुर स्कूल से सुकुलदैहान 5 राजनांदगांव से हल्दी से सिंघोला (बालोद रोड़) 6 राजनांदगांव- संस्कार सिटी से सोमनी 7 राजनांदगांव- भानपुरी – रेंगाकठेरा-मुड़पार-राका से डोंगरगढ प्रस्तावित था. लेकिन रूट में अभी एक भी बस नही दिख रही है.