राजनांदगांव। राशन दुकानों में चावल की कमी होने के कारण फरवरी और मार्च का एक साथ चावल आबंटन आबंटन में संशय की स्थिति निर्मित हो गई हैं. हर माह से सात फरवरी तक चावल का आबंटन हो जाता है. लेकिन इस महिना चावल का आबंटन नही हो पाया है. नान के गोदाम में भी चावल का शार्टेज बना हुआ है. ऐसे में प्रशासन द्वारा दावा किया जा रहा है कि अन्य जिलो से चावल मंगाने की तैयारी है.

यह भी पढ़ें : CG Morning News : केंद्रीय गृहमंत्री शाह के छत्तीसगढ़ दौरे का तीसरा दिन… बस्तर दौरे पर रहेंगे CM साय… बस्तर पंडुम 2026 का आज समापन… दिल्ली में आज कांग्रेस जिलाध्यक्षों की लगेगी क्लास… पढ़ें और भी खबरें

राज्य शासन द्वारा हर साल सात फरवरी को चावल उत्सव मनाया जाता है. लेकिन इस बार राशन दुकानो में चावल नहीं होने के कारण यह उत्सव इस बार फिका रहा. हांलाकि अफसर जल्द ही समस्या का निराकरण करने अन्य जिलो से चावल मंगाने का दावा कर रहे है. लेकिन दुकानों में चावल अब तक नही पहुंची है. चावल का पर्याप्त स्टाक नही होने के कारण सात फरवरी को आनन फानन में राज्य से चाव उत्सव को टाल दिया गया है और इसे बीस फरवरी तक बढ़ाया गया है.

राज्य शासन के निर्देश पर फरवरी और मार्च माह का चावल एक साथ आबंटन के निर्देश दिए है. लेकिन नान के गोदाम में पर्याप्त चावल नही होने के कारण संशय की स्थिति बनी हुई हैं. मिली जानकारी अनुसार हर माह में जिले में करीब 85 हजार क्विंटल चावल आबंटन किया जाता है. दो माह का चावल एक साथ वितरण करने पौने दो लाख क्विंटल चावल का अनुमान है. इसके मुकाबले नॉन के गोदामों में सिर्फ 50 हजार क्विंटल चावल का ही स्टॉक है. ऐसे में चावल वितरण पर संशय बना हुआ है. खाद्य अधिकारी रविन्द्र सोनी ने बताया कि, कोटा पूरा करने अन्य जिलो से चावल का उठाव कराया जाएगा.

चोरी का सामान खरीदने वाले 4 कबाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई

राजनांदगांव। पुलिस की लगातार समझाईश के बावजूद कई कबाड़ी दुकान संचालकों द्वारा चोरी का सामान खरीदे जाने की लगातार शिकायतें मिल रही है. इन शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए सोमनी पुलिस ने कबाड़ी दुकानों में दबिश दी. चोरी का सामान खरीदने के आरोप में चार कबाड़ी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है.

सोमनी थाना प्रभारी निरीक्षक अरूण कुमार नामदेव से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सोमनी, धीरी, टेडेसरा तथा जोरातराई के कबाड़ी दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया. इस दौरान सोमनी स्थित कबाड़ी दुकान में एक नग लोहे का मोटर सायकल का चेचिस, ग्राम धीरी की कबाड़ी दुकान में दो नग बैलगाड़ी का लोहे का चक्का, टेडेसरा की कबाड़ी दुकान में 7 नग एल्युमिनियम का एग्जास्ट तथा ग्राम जोरातराई की कबाड़ी दुकान में बैलगाड़ी फांद बिना चक्का का मिला. इन सामानों की खरीदी के संबंध में कबाड़ी दुकान संचालक कोई दस्तावेज पेश नहीं कर पाए. उनके खिलाफ धारा 106 के तहत कार्रवाई की गई.

इस मामले में सोमनी कबाड़ी दुकान के संचालक दीपक चौबे पिता अश्वनी चौबे उम्र 42 वर्ष, निवासी सोमनी, धीरी कबाड़ी दुकान के संचालक घनश्याम नेताम उर्फ बबलू पिता आशा राम नेताम उम्र 34 वर्ष निवासी ग्राम धीरी, टेडेसरा के कबाड़ी दुकान संचालक राजू खान पिता अब्दुल समद उम्र 50 वर्ष निवासी इमाम बाड़ा चौक फरीद नगर थाना सुपेला जिला दुर्ग तथा ग्राम जोरातराई के कबाड़ी दुकान संचालक हाजी अल्ताफ हुसैन पिता स्व. शादिक हुसैन निवासी पोलसाय पारा, श्यामनगर दुर्ग के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई.

जुआ खेलते सात आरोपी गिरफ्तार

डोंगरगढ़। रेल्वे चौक डोंगरगढ़ के पास जुए की फड़ पर पुलिस ने छापा मारा. यहां 51 हजार रूपये से अधिक का जुआ पकड़ा गया. पुलिस ने मौके से जुआ खेल रहे 7 आरोपियों को हिरासत में लिया है. उनके खिलाफ छ.ग. जुआ प्रतिशेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है.

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जुआ सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान 7 फरवरी को मुखबीर से सूचना मिली कि रेल्वे चौक स्थित अन्ना इडली दुकान के पीछे डोंगरगढ़ में जुए की फड़ जमी है. सूचना पर पेट्रोलिंग पार्टी मौके पर पहुंची, जहां जुआ खेल रहे सात आरोपियों को पकड़ा गया.

आरोपियों के पास से 51070 रूपये नगद जब्त किए गए. आरोपियों के खिलाफ छ.ग. जुआ प्रतिशेध अधिनियम 2022 की धारा 3-1 के तहत कार्रवाई की गई.

कस्टम मीलिंग शुरू होते ही एफसीआई में लगी ट्रकों की कतार

राजनांदगांव. जिलेभर में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी शुरू हो जाने के बाद से कस्टम मीलिंग का कार्य भी तेज कर दिया गया है. जिले के मिल मालिकों के साथ अनुबंध की प्रक्रिया पूर्ण हो जाने के बाद अब कस्टम में मीलिंग का कार्य तेजी से संपन्न कराया जा रहा है. राजनांदगांव जिला मुख्यालय स्थित एफसीआई गोदाम में भी अब ट्रकों की लंबी कतार देखने को मिल रही है.

ज्ञात हो कि राजनांदगांव जिले में इस वर्ष 1,24,000 से अधिक पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर 64 लाख क्विंटल से अधिक की धान की खरीदी सुनिश्चित कराई गई है. समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी पूर्ण हो जाने के बाद अब कस्टम मीलिंग का कार्य भी शुरू कर दिया गया है. जिले के 96 उपार्जन केंद्रों में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी सुनिश्चित कराई जा चुकी है. कस्टम मीलिंग का कार्य सुनिश्चित कराने के लिए जिले के मिल मालिकों के साथ अनुबंध की प्रक्रिया भी पूर्ण कर ली गई है. मिल मालिकों के साथ अनुबंध को जाने के बाद से कस्टम मीलिंग का कार्य भी तेज कर दिया गया है.

खाद्य विभाग कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक जिले के मिल मालिकों के साथ 70 लाख क्विंटल से अधिक धान का उठाव किए जाने का अनुबंध किया गया है. अनुबंध के बाद से कस्टम मीलिंग का कार्य तेजी से पूर्ण कराया जा रहा है.

बौद्ध सम्मेलन में शामिल हुए देश-विदेश के सैकड़ों बौद्ध धम्म गुरू

डोंगरगढ़। धर्मनगरी डोंगरगढ़ में बीते दिन 33 वां अन्तराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन का भव्य आयोजन प्रज्ञागिरी ट्रस्ट के द्वारा किया गया. जिसमें देश- विदेश से सैकड़ो की संख्या में बौद्ध धम्म गुरू कार्यक्रम में सम्मिलित हुए.

धम्म सेना नायक नागार्जुन सुरई ससई भंते जी की अगुवाई में सुबह 11 बजे नागसेन बौद्ध विहार में पूजा-अर्चना के पश्चात धम्म गुरुओ द्वारा रैली के माध्यम से बुद्धम सरणम् गच्छामी के धून में प्रज्ञागिरी तीर्थ पहुंचे, जहां मार्ग के दौरान मिले बुद्ध विहारो में भी वंदना की गई रैली के दौरान छत्तीसगढ़ की कला संस्कृति को संजोए हुये आदिवासी नृत्य ने दर्शकों का मनमोह लिया.

सुरई ससाई भंते एवं जापान, थाईलैंड, बर्मा, लाओस से आये धम्म गुरुओं का प्रज्ञागिरी ट्रस्ट समिति की महिला मंडल द्वारा फूलों से भव्य स्वागत किया गया. तत्पश्चात प्रज्ञागिरी तीर्थ पर्वत पर स्थित भगवान बुद्ध की 30 फूट की विशालकाय प्रतिमा के समक्ष धम्म गुरूओ द्वारा जापानी, तिब्बती, पाली व अन्य भाषाओं में सामूहिक वंदना व परित्राण पाठ किया गया जो पूरे कार्यक्रम के दौरान चर्चा का विषय रहा.

मुरेटीटोला में 9 फरवरी को मेला 10 को नाचा का आयोजन

अम्बागढ़ चौकी। ग्रामीण परम्परा का निर्वहन करते हुए मुरेटीटोला में ग्रामवासियों द्वारा 9 फरवरी को मेला का आयोजन रखा गया है. मेले में मुख्य आकर्षण हवाई झूला रहेगा. मेला के दूसरे दिन लोगों के मनोरंजन हेतु 10 फरवरी को 12 बजे से दिन में बेंदाड़ी वालों का छत्तीसगढ़ी नाच कार्यक्रम का आयोजन रखा गया है. आयोजन समिति के सदस्य गैंदसिंग कोरेटी, बंशीराम जुरेशिया, ज्वाला प्रसाद धुर्वे, जोहन बोगा ने जानकारी देते हुए अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील किया है.

युवक की बेदम पिटाई कर हत्या का प्रयास, 3 गिरफ्तार

राजनांदगांव। एक युवक की बेदम पिटाई करते हुए उसकी हत्या का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है.

कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम से मिली जानकारी के अनुसार 23 मई को प्रार्थिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी मनीष अमोरिया, आकाश मरकाम, विकास मरकाम, रवि, भैया लाल तथा याकूब नामक लोगों ने मिलकर उसके पति दीपेश ढीमर की हत्या करने के उद्देश्य से बेदम पिटाई करते हुए उस पर जानलेवा हमला किया, जिसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया.

महिला की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ धारा 109, 296, 351-2, 191-2, 191-3, 190 भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज किया गया.

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही थी. 7 फरवरी को दबिश देकर आकाश मरकाम पिता स्व. रोहित मरकाम उम्र 19 वर्ष निवासी अटल आवास लखोली, भैया लाल महिलांगे पिता सरजू महिलांगे उम्र 19 वर्ष निवासी बैगापारा तथा एक नाबालिग बालक को लखोली हिरासत में लिया गया. सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.