Rajsamand Road Accident: मेवाड़-मारवाड़ की सीमा पर स्थित राजसमंद के चारभुजा थाना क्षेत्र के देसूरी की नाल में आज रविवार सुबह एक भीषण हादसा हुआ। यह दुर्घटना करीब साढ़े दस बजे हुई, जब स्कूली बच्चों को लेकर एक निजी बस चारभुजा से रणकपुर होते हुए परशुराम महादेव जा रही थी। अचानक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक बच्चे घायल हो गए।

घायलों का इलाज जारी
सूचना मिलते ही चारभुजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीन बच्चों के शवों को बाहर निकालकर चारभुजा सीएससी की मोर्चरी में रखवाया। वहीं, 12 से अधिक घायल बच्चों को गंभीर हालत में राजसमंद जिला आरके अस्पताल रेफर किया गया। हादसे की खबर सुनकर कुंभलगढ़ विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़ और राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायल बच्चों का हाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों को उचित उपचार देने के निर्देश दिए।
पिकनिक पर जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार, आमेट उपखंड के रणछेती पंचायत के सरकारी स्कूल के बच्चों को एक दिवसीय पिकनिक पर ले जाया जा रहा था। बस में कुल 65 बच्चे सवार थे, जिनमें स्कूल के प्रिंसिपल और एक शिक्षक भी घायल हुए। बताया जा रहा है कि बस चारभुजा से देसूरी जा रही थी, जब पंजाब मोड घाटी में बस के ब्रेक फेल हो गए और बस बेकाबू होकर पलट गई।
ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा
घायल छात्रों में से एक ने देसूरी अस्पताल में बताया कि वे और उनके साथी परशुराम मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। छात्र के अनुसार, अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए और बस पलट गई। इस दुखद हादसे ने पूरे इलाके में शोक का माहौल बना दिया है। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
पढ़ें ये खबरें
- रायगढ़ नगर निगम की वेबसाइट हैक! खुलते ही दिखा पाकिस्तान का सिंबल, जांच में जुटी पुलिस
- कलेक्टर के सामने महिला ने खोली जिला अस्पताल की पोल, बोली- रात में बिना बताए आइए, तब पता चलेगी हकीकत
- महिला कांग्रेस की बैठक: सरकार की नीतियों के खिलाफ संघर्ष और महिलाओं के अधिकारों पर हुई चर्चा, आगामी कार्यक्रमों पर बनी रणनीति
- अनोखी शादी: मायके से खुद बरात लेकर निकली दुल्हन, शुभ मुहूर्त के चक्कर में लहंगे में ही सड़क पर लगा दी दौड़
- पानी की बूंद-बूंद को तरसे लोग: गुड़गांव के 40% हिस्से में बिजली सप्लाई ठप, पुलिस ने खुलवाया जाम
