भुवनेश्वर: ओडिशा में राज्यसभा उपचुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है. इस बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार देवाशीष सामंतराय की संपत्ति को लेकर हर तरफ चर्चाएं तेज हैं. नामांकन पत्र के साथ दाखिल चुनावी हलफनामे के अनुसार, 66 वर्षीय पूर्व बीजद नेता देवाशीष और उनकी पत्नी की कुल संपत्ति 17 करोड़ रुपये से अधिक है. शुक्रवार को मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, उपमुख्यमंत्री, कई मंत्रियों और भाजपा विधायकों की मौजूदगी में उन्होंने विधानसभा में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया.

हलफनामे के मुताबिक, देवाशीष सामंतराय और उनकी पत्नी बितस्ता सामंतराय की संयुक्त अचल संपत्ति की अनुमानित कीमत 12.88 करोड़ रुपये है. इसमें से देवाशीष के हिस्से में 7.25 करोड़ रुपये और उनकी पत्नी के नाम पर 5.63 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है.
- कुल संपत्ति: 17 करोड़ रुपये से अधिक
- देवाशीष की व्यक्तिगत नेटवर्थ: लगभग 9.50 करोड़ रुपये
- पत्नी की व्यक्तिगत नेटवर्थ: लगभग 8.98 करोड़ रुपये
- संयुक्त चल संपत्ति: 5.61 करोड़ रुपये
देवाशीष पर 88.74 लाख रुपये और उनकी पत्नी पर 83.23 लाख रुपये का कर्ज या देनदारी है. हलफनामे से यह भी पता चला है कि देवाशीष के खिलाफ वर्तमान में एक्साइज एक्ट (आबकारी अधिनियम) और कंपनी एक्ट से जुड़े 3 मामले लंबित हैं, हालांकि अभी तक इनमें आरोप (Charges) तय नहीं हुए हैं. इससे पहले दो अन्य मामलों में उन्हें दोषी ठहराया गया था, लेकिन जुर्माना भरने के बाद वे मामले सुलझ चुके हैं.
नामांकन दाखिल करने के बाद मीडिया से बात करते हुए देवाशीष सामंतराय काफी आश्वस्त नजर आए. उन्होंने कहा, “बीजद अब पूरी तरह खाली होने की कगार पर है. आने वाले दिनों में और भी कई नेता भाजपा में शामिल होंगे. यहाँ लोगों की सेवा करने का बेहतर अवसर है. ओडिशा में डबल इंजन की सरकार होने के कारण मैं जनता के लिए और भी ज्यादा काम कर पाऊँगा.” इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा परिवार से मिले शानदार स्वागत ने उन्हें ‘अपने घर’ जैसा अहसास कराया है.
गौरतलब है कि पिछले महीने देवाशीष सामंतराय ने बीजू जनता दल (बीजद) से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया था. उन्होंने राज्यसभा सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद खाली हुई इस सीट पर अब उपचुनाव किया जा रहा है.

