शब्बीर अहमद, भोपाल। मीनाक्षी नटराजन के नामांकन निरस्त किए जाने के मामले में कांग्रेस ने चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी आज भोपाल और दिल्ली दोनों जगहों पर चुनाव आयोग के अधिकारियों से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराएगी।
भोपाल में सुबह 11 बजे मुलाकात
कांग्रेस विधायकों का एक प्रतिनिधिमंडल आज सुबह 11 बजे भोपाल स्थित निर्वाचन आयोग कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से मुलाकात करेगा। इस दौरान मीनाक्षी नटराजन के नामांकन निरस्त होने पर लिखित शिकायत सौंपी जाएगी।
दिल्ली में दोपहर 12 बजे समय
दिल्ली में कांग्रेस का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल आज दोपहर 12 बजे चुनाव आयोग मुख्यालय में अधिकारियों से मिलेगा। पार्टी इस मामले में केंद्रीय चुनाव आयोग से तुरंत हस्तक्षेप की मांग करेगी।
कल देर रात तक चला धरना
मंगलवार रात मीनाक्षी नटराजन के नामांकन निरस्त होने की सूचना मिलने के बाद कांग्रेस विधायकों ने भोपाल और दिल्ली दोनों स्थानों पर निर्वाचन आयोग के बाहर देर रात तक धरना दिया। मुलाकात नहीं होने पर पार्टी नेताओं ने आक्रोश जताया था। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि मीनाक्षी नटराजन के नामांकन में अनुचित तरीके से दखल दिया गया और इसे निरस्त करना नियमों के विपरीत है। पार्टी इस मामले को सुप्रीम कोर्ट तक ले जाने की भी तैयारी कर रही है।
कांग्रेस का रुख
कांग्रेस का कहना है कि नामांकन निरस्त करने की प्रक्रिया पूरी तरह पक्षपातपूर्ण है और लोकतंत्र की हत्या है। पार्टी विधायकों और नेताओं ने चुनाव आयोग से निष्पक्ष जांच कर नामांकन बहाल करने की मांग की है। फिलहाल चुनाव आयोग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। दोनों जगहों पर आज होने वाली बैठक के बाद कांग्रेस अगला रणनीतिक कदम तय करेगी।

