Rajya Sabha Elections 2026: नई दिल्ली। राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। AICC ने 5 राज्यों की 7 राज्यसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दी है। कांग्रेस ने कर्नाटक से मल्लिकार्जुन खड़गे और पवन खेड़ा, मंसूर अली खान और मध्य प्रदेश से मीनाक्षी नटराजन समेत कुल सात नेताओं को मैदान में उतारा है।

इसे भी पढ़ें : राज्यसभा चुनाव 2026: BJP ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, 18 जून को मतदान

इससे पहले भाजपा भी अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुकी है। 12 राज्यों की 26 राज्यसभा सीटों पर 18 जून को मतदान होना है, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून निर्धारित की गई है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने इस संबंध में प्रेस रिलीज़ जारी किया है। इसके अनुसार पार्टी ने कर्नाटक की तीन सीटों पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे। वरिष्ठ नेता एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा और मंसूर अली खान को उम्मीदवार बनाया है। वहीं मध्य प्रदेश से मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित किया गया है। इसके अलावा राजस्थान से नीरज दांगी, तमिलनाडु से प्रवीण चक्रवर्ती और झारखंड से प्रणव झा को कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार बनाया है।

कर्नाटक में चार राज्यसभा सीटों पर होगा चुनाव

कर्नाटक की चार राज्यसभा और सात विधान परिषद सीटों के चुनाव के लिए अधिसूचना सोमवार को जारी की गई थी। इन सीटों के लिए 18 जून को मतदान होगा। राज्यसभा सदस्य के रूप में मल्लिकार्जुन खड़गे के अलावा भाजपा के इरन्ना कडाडी और नारायण कोरगप्पा तथा जनता दल (सेक्युलर) के एचडी देवेगौड़ा का कार्यकाल 25 जून को समाप्त हो रहा है। इन्हीं चार सीटों को भरने के लिए चुनाव कराए जा रहे हैं।

भाजपा के घोषित उम्मीदवारों की सूची

कांग्रेस की सूची जारी होने से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भी राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुकी है। भाजपा ने मध्य प्रदेश की दो सीटों पर राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग और उद्योगपति रजनीश अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया है। राजस्थान से पार्टी ने पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया और डॉ. अलका गुर्जर को टिकट दिया है। वहीं गुजरात की चार सीटों पर राजूभाई शुक्ला, मुकेशभाई राठवा, मानसिंह परमार और जितेंद्र मेघजीभाई कंजारिया को उम्मीदवार घोषित किया गया है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश से ताई तागक और मणिपुर से ए. शारदा देवी को भी भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए मैदान में उतारा है।

18 जून को होगा मतदान

निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 12 राज्यों की 26 राज्यसभा सीटों के लिए 18 जून को मतदान कराया जाएगा। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून है। नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को की जाएगी। वहीं उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि 11 जून है। मतगणना 18 जून को ही मतदान की समाप्ति के बाद की जाएगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H