शब्बीर अहमद, भोपाल। Rajya Sabha Elections 2026: राज्यसभा चुनाव से पहले आज कांग्रेस (Congress) ने अहम बैठक (Meeting) की। वहीं भाजपा (BJP) ने भी विधायक (MLA) दल की मीटिंग आयोजित की। इस दौरान विधायकों को 8 जून तक भोपाल न छोड़ने के निर्देश दिए हैं।
भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी बैठक में रहे शामिल
मुख्यमंत्री निवास पर शनिवार देर शाम बैठक हुई। जिसमें सभी विधायक मौजूद रहे। बैठक में राज्यसभा चुनाव को लेकर रणनीति बनाई गई। इस बैठक में मध्य प्रदेश से भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी रजनीश अग्रवाल तरुण चुघ भी शामिल रहे।
विधायकों को भोपाल न छोड़ने के निर्देश
राज्यसभा चुनाव में मध्य प्रदेश से भाजपा तीसरा प्रत्याशी भी उतार सकती है। बैठक में भाजपा विधायकों को भोपाल में ही रहने के निर्देश दिए गए हैं। उनसे कहा गया है कि 8 जून तक भोपाल न छोड़ें।
MP से तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल के नाम पर मुहर
गौरतलब है कि बीते 4 जून को बीजेपी ने राज्यसभा के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी की थी। मध्यप्रदेश से तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल के नाम पर मुहर लगी है। रजनीश अग्रवाल वर्तमान में भाजपा प्रदेश मंत्री हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के करीबी हैं रजनीश अग्रवाल
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और वरिष्ठ भाजपा नेता रजनीश अग्रवाल के बीच पुराना और गहरा राजनीतिक तथा व्यक्तिगत संबंध रहा है। 2010 में नितिन नबीन मध्य प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश प्रभारी बनाए गए थे। तब रजनीश अग्रवाल युवा मोर्चा की टीम में प्रदेश महामंत्री के रूप में कार्यरत थे।
कांग्रेस की बैठक में नहीं पहुंचे कमलनाथ
भाजपा की बैठक से पहले मध्य प्रदेश कांग्रेस ने विधायक दल की बैठक की। विधायकों को एकजुट करने के लिए यह मीटिंग आयोजित की गई थी। कमलनाथ समेत 4 MLA बैठक में नहीं पहुंचे। बाला बच्चन ने बताया कि वह वर्चुअली शामिल हुए थे।
राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन भी हुईं शामिल
शाम होते ही एक-एक कर सभी कांग्रेस दफ्तर में जुटने लगे। मीटिंग में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी भी मौजूद रहे। राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन भी इसका हिस्सा रहीं। इस दौरान राज्यसभा चुनाव को लेकर रणनीति बनाई गई।
उमंग सिंघार बोले- बीजेपी हॉर्स ट्रेडिंग के लिए मशहूर
बैठक से पहले नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीजेपी हॉर्स ट्रेडिंग के लिए मशहूर है। वे लोकतंत्र को खत्म करना चाहते हैं। कांग्रेस विधायक एकजुट हैं, कहीं कोई दिक्कत नहीं है। कुछ विधायक आज नहीं आते हैं तो भी वोटिंग वाले दिन सभी विधायक आएंगे।

