हेमंत शर्मा, इंदौर। कांग्रेस छोड़ने के बाद पूर्व प्रदेश महासचिव राकेश यादव ने राहुल गांधी पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला है। राहुल गांधी को लिखे अपने इस्तीफे के पत्र में राकेश यादव ने कांग्रेस की कार्यशैली, नेतृत्व और विपक्ष की राजनीति पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने पिछले कई वर्षों में केंद्र सरकार पर बिना तथ्यों के आरोप लगाए, लेकिन एक भी आरोप को साबित नहीं कर सकी।
जीतू पटवारी और हरीश चौधरी को बताया ‘डुप्लीकेट’
पूर्व कांग्रेस नेता राकेश यादव ने राहुल गांधी को लिखे पत्र में कहा कि वर्ष 2013 से 2026 तक कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ नोटबंदी, जीएसटी, राफेल, एमएसपी और जातीय जनगणना जैसे कई मुद्दों पर लगातार आरोप लगाए, लेकिन इन आरोपों के समर्थन में ठोस तथ्य सामने नहीं रखे। यादव ने दावा किया कि राफेल मामले में सुप्रीम कोर्ट तक जाने के बावजूद आरोप साबित नहीं हो सके। राकेश यादव ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, कांग्रेस नेता हरीश चौधरी और विधायक चिंटू चौकसे को “डुप्लीकेट” बताते हुए कहा कि पार्टी में मुद्दों की जगह केवल आरोपों की राजनीति हो रही है।
संगठन में केवल राहुल गांधी की अंधभक्ति का माहौल
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस किसी एक मुद्दे पर लगातार टिक नहीं पाती और हर कुछ दिनों में नया आरोप लेकर सामने आ जाती है। अपने पत्र में राकेश यादव ने कहा कि कांग्रेस को एक राजनीतिक दल की बजाय एनजीओ बनाकर रख दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी की आज जितनी दुर्गति है, उतनी पहले कभी नहीं हुई। यादव के मुताबिक कांग्रेस जीतने की परिभाषा भूल चुकी है और संगठन में केवल राहुल गांधी की अंधभक्ति का माहौल है। राकेश यादव ने अपने खिलाफ 500 करोड़ रुपये के मानहानि दावे का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनके इस्तीफे के बाद कांग्रेस मुद्दों का जवाब देने की बजाय अपनी छवि बचाने में लगी हुई है।
अंधभक्ति बनाम देशभक्ति का दिया नारा
उन्होंने यह भी कहा कि अब उन्हें भाजपा के लोग “अंधभक्त नहीं, बल्कि देशभक्त” लगने लगे हैं। राकेश यादव के इन बयानों से मध्य प्रदेश की राजनीति में नया सियासी विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस नेतृत्व पर लगाए गए इन आरोपों को लेकर अब पार्टी की ओर से क्या जवाब आता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं। फिलहाल राकेश यादव के पत्र ने कांग्रेस के भीतर की राजनीति और नेतृत्व को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


