Raksha Bandhan 2026: मध्य प्रदेश में रक्षाबंधन का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। प्रदेश की जेलों में भी राखी का पर्व भावुक माहौल के बीच मनाया गया। जेल में बंद बंदी भाइयों को बहनों ने पहुंचकर राखी बांधी। इस दौरान भाई-बहन के मिलन के कई भावुक पल भी देखने को मिले। वहीं सुरक्षा को देखते हुए जेल परिसर में विशेष इंतजाम किए गए थे और अतिरिक्त बल भी तैनात रहा।
राजधानी में रक्षाबंधन पर खुली मुलाकात
संजय पाटीदार, भोपाल। भोपाल केंद्रीय जेल में बंदियों से बहनों की खुली मुलाकात हुई। बहनें, कैदी भाइयों को राखी बांधने पहुंची। जेल के अंदर मोबाइल, नशीली सामग्री और पानी की खुली बोतल ले जाने पर प्रतिबंध रहा। जेल कैंटीन की मिठाई और खाद्य सामग्री ले जाने की ही अनुमति दी गई।
जबलपुर सेंट्रल जेल में मनाया गया रक्षाबंधन
कुमार इंदर, जबलपुर। जबलपुर सेंट्रल जेल में रक्षाबंधन कार्यक्रम हुआ। जेल में बंद बंदियों को बहनें राखी बांधने पहुंची। खबर लिखे जाने तक एक हजार से ज्यादा बंदियों को राखी बांधी जा चुकी है। रक्षाबंधन के लिए जेल में विशेष इंतजाम किए गए। जेल में विशेष पकवान बनवाए गए। दूर-दराज से आने वाले भाई बहनों को मिलने का पूरा मौका दिया गया। इतना ही नहीं विशेष आदेश पर NSA के तीन कैदियों को भी राखी बांधने का मौका मिला।

खंडला जिला जेल में खास व्यवस्था
इमरान खान, खंडवा। रक्षाबंधन के मौके पर खंडवा जिला जेल में खास व्यवस्था की गई। सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक बहनों को जेल पहुंचकर अपने बंदी भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने की अनुमति दी गई। 600 से ज्यादा बंदी भाइयों को 3500 से अधिक बहनों ने राखी बांधी। बाहर की सामग्री पर प्रतिबंध होने की वजह से जेल कैंटीन से ही तय शासकीय दरों पर राखी, नारियल, मिठाई उपलब्ध कराई गई। लंबे समय बाद भाई-बहन के इस मिलन के दौरान कई ऐसे पल भी सामने आए, जब बहनें भाइयों को राखी बांधते हुए भावुक हो गईं और भाइयों की आंखें भी नम नजर आईं।

अपराध न करने का लिया संकल्प
जेल प्रशासन ने भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे। जेल में प्रवेश से पहले आने वाले लोगों की सघन तलाशी ली गई और अतिरिक्त सुरक्षा के लिए कोतवाली थाना पुलिस बल भी तैनात किया गया। जेल अधीक्षक डीके सारस ने बताया कि रक्षाबंधन को लेकर बंदियों और उनके परिजनों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से की गई थीं, ताकि बहनों को किसी तरह की परेशानी न हो। रक्षाबंधन के इस आयोजन ने जेल की चारदीवारी के बीच भी भाई-बहन के रिश्ते की भावनाओं को जीवंत कर दिया। रक्षा सूत्र बांधते वक्त कई भाई-बहनों के बीच भावुक कर देने वाले दृश्य देखने को मिले और कईयों के आंखों से आंसू झर-झर बह निकले। बहनों ने भी भाइयों से संकल्प लिया कि अब जेल से बाहर निकलने के बाद कभी कोई अपराध नहीं करेंगे।

दतिया जिला जेल में मनाया गया त्योहार
रवि रायकवार, दतिया। दतिया जिला जेल में रक्षाबंधन का पावन त्यौहार मनाया गया। सुबह से ही कैदी भाइयों को राखी बांधने के लिए उनकी बहनें दूर दराज से आसपास क्षेत्र से जिला जेल पहुंची। जेल में मिलने की प्रक्रिया पूरी करने के बाद अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए जेल की पहले गेट पर प्रवेश किया। इस पावन पर सुबह से ही बहनों का जिला जेल में आना शुरू हो गया। जेल प्रबंधन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के पूर्ण इंतजाम किए गए हैं। राखी बांधने के लिए बहनों को बारी-बारी से जेल के अंदर प्रवेश दिया गया। एक बार में 15 कैदी भाई अपनी बहनों से मिलने के लिए पहले गेट पर उपस्थित हुए। जिला जेल के जेलर ओपी पांडे ने बताया कि हमने चाक-चौबंद व्यवस्थाएं की है, जो भी बहनें अपने कैदी भाइयों के लिए यहां पर राखी बांधने के लिए आ रही है वह बारी बारी से प्रवेश कर भाइयों को राखी बांध रही है। एक बार में 15 कैदी भाई अपनी बहनों से मिल रहे हैं और रक्षाबंधन मना रहे हैं।

नरसिंहपुर की जेल में भावुक माहौल
दीपक कौरव, नरसिंहपुर। आज भाई बहन के प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन का पावन पर्व नरसिंहपुर के केंद्रीय जेल में भी मनाया गया। कैदी भाइयों को उनकी बहनों ने केंद्रीय जेल पहुंचकर उनकी कलाईओं में प्रेम का प्रतीक राखी बांधी तो कैदी बहनों के भाइयों ने भी अपनी बहनों से अपनी कलाई पर रक्षा सूत्र बंधवाते हुए उनकी रक्षा का वचन दिया। वहीं केंद्रीय जेल में भाई और प्रेम के पवित्र रिश्ते के चलते भावुकता का माहौल भी देखने को मिला।

धार जिला जेल में भी मनाया गया पर्व
रेणु अग्रवाल, धार। धार की जिला जेल में सुबह से ही दूर-दूर गांवों और शहरों से बहनें रक्षाबंधन का त्यौहार मनाने के लिए पहुंचीं। जिला जेल के अधिकारी आर आर डांगी ने कहा कि निर्देश के अनुसार, इस वर्ष भी रक्षाबंधन पर सुबह 8:00 बजे से 2:00 बजे तक बहनों के लिए बंदियों को राखी बांधने की सुविधा दी गई है। प्रॉपर चेकिंग के बाद बहने राखी बांधने आ रही है। जिला जेल ने कैदियों को मिठाई की पैकेट दी, ताकि वे अपनी बहनों को दे सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


