बरहड़वा (साहिबगंज)। रक्षाबंधन पर दूर रह रहे भाइयों तक राखी सुरक्षित पहुंचाने के लिए डाक विभाग ने खास तैयारी की है। बारिश के मौसम को देखते हुए डाकघरों में सिर्फ 10 रुपये में वाटरप्रूफ लिफाफे उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें राखी भेजने पर बारिश के कारण लिफाफे और राखी के खराब होने की चिंता नहीं रहेगी।
बरहड़वा उप डाकघर में अगस्त की शुरुआत से अब तक 200 से अधिक राखियां बुक की जा चुकी हैं। रक्षाबंधन नजदीक आने के साथ राखी भेजने के लिए डाकघर पहुंचने वाले लोगों की संख्या भी बढ़ रही है।
10 रुपये का वाटरप्रूफ लिफाफा बना लोगों की पसंद
नगर के वार्ड चार स्थित बरहड़वा उप डाकघर के पोस्टमास्टर सिमोन हांसदा ने बताया कि रक्षाबंधन को लेकर राखियों की बुकिंग शुरू हो चुकी है। रोजाना लोग अपने भाइयों के लिए राखियां भेजने डाकघर पहुंच रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बारिश के दौरान सामान्य कागज के लिफाफे के भीगने से राखी खराब होने की आशंका रहती है। ऐसे में डाक विभाग का वाटरप्रूफ लिफाफा लोगों के लिए सुविधाजनक विकल्प बन रहा है।
दूर रह रहे भाइयों तक सुरक्षित पहुंचेगा राखी का प्यार
रक्षाबंधन पर कई बहनें अपने भाइयों से दूर रहती हैं। ऐसे में डाक के जरिए राखी भेजना आज भी भाई-बहन के रिश्ते को जोड़ने का अहम जरिया है। वाटरप्रूफ लिफाफे की सुविधा से बारिश के मौसम में राखी को सुरक्षित भेजना और भी आसान हो गया है।


