अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी लवकुश मिश्रा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। अयोध्या विकास प्राधिकरण (ADA) ने उनके निर्माणाधीन मकान पर अंतिम नोटिस चस्पा कर दिया है। नोटिस के अनुसार, इससे पहले 3 जुलाई को भी नोटिस जारी किया गया था, लेकिन निर्धारित तिथि पर न तो आरोपी की पत्नी सुप्रिया मिश्रा उपस्थित हुईं और न ही निर्माण से संबंधित कोई मानचित्र या अन्य दस्तावेज प्राधिकरण के समक्ष प्रस्तुत किए गए।

15 जुलाई को देना होगा जवाब

ADA की ओर से जारी अंतिम नोटिस में सुप्रिया मिश्रा (पत्नी लवकुश मिश्रा), निवासी वनवीरपुर, अयोध्या को 15 जुलाई 2026 को सुबह 11 बजे प्राधिकरण के समक्ष उपस्थित होकर निर्माण से संबंधित स्वीकृत मानचित्र और अन्य आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने का अंतिम अवसर दिया गया है।

READ MORE: सोनम वांगचुक के समर्थन में आप का बड़ा ऐलान, 20 जुलाई को यूपी के हर जिले में सड़क पर उतरेगी पार्टी

जवाब नहीं दिया तो होगी कार्रवाई

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित तिथि तक जवाब या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए तो नियमानुसार निर्माणाधीन भवन को सील करने की कार्रवाई की जाएगी। नोटिस में यह भी कहा गया है कि कार्रवाई की पूरी जिम्मेदारी संबंधित पक्ष की होगी।

गौरतलब है कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण की जांच के बीच अब आरोपी लवकुश मिश्रा के निर्माणाधीन मकान पर अयोध्या विकास प्राधिकरण की कार्रवाई ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। प्रशासनिक कार्रवाई और जांच दोनों समानांतर रूप से जारी हैं।