अयोध्या. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे. यहां उन्होंने विभिन्न विकासकार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस बीच उनके कार्यक्रम में राम मंदिर चढ़ावा गबन की गूंज सुनाई दी. योगी ने अपने संबोधन में कहा कि श्री राम जन्मभूमि मंदिर को अपमानित करने वाले लोगों के बहकावे में कतई न आएं. SIT जांच दूध का दूध और पानी का पानी करके रहेगी. अगर कोई अपराधी है, वह बचेगा नहीं, यह सुनिश्चित है. वहीं उन्होंने सपा पर निशाना भी साधा. उन्होंने कहा कि राम भक्तों, कारसेवकों पर गोली चलाने और जय श्री राम बोलने पर लाठी भांजने वाले लोग आज उपदेश देने चले हैं.
योगी ने अपने संबोधन में कहा कि ‘मेरी अपील होगी सभी रामभक्तों से, अयोध्या के बारे में समाचार पत्रों में सुनने को मिला हम लोगों ने ट्रस्ट के अनुरोध पर एसआईटी जांच बिठाई है और मैं उन्हें इस बात के लिए कह सकता हूं कि एसआईटी जांच दूध का दूध और पानी का पानी करके रहेगी उसमें कोई संदेह नहीं. लेकिन मैं सभी से इस बारे में अनुरोध करूंगा सभी पक्षों से कहूंगा कि कोई भी ऐसी अनर्गल टिप्पणी और बातें ना हों जो राम भक्तों की भावना को आहत करती हों. अगर किसी के पास कोई डॉक्यूमेंट्री प्रूफ है वो एसआईटी को उपलब्ध करवा दें. वो जांच करके देगी.’
इसे भी पढ़ें : ‘काउंटिंग सिस्टम फेल था…’, राम मंदिर चंदा गबन मामले में नृपेंद्र मिश्रा का बड़ा दावा, कहा- निर्देशों का 10% से ज्यादा पालन नहीं हुआ
500 वर्ष संघर्ष किया, 15 दिन और इंतजार कर लो- योगी
योगी ने आगे कहा कि ‘राम भक्तों से मेरी विनम्र अपील होगी कि प्रभु राम ने हमें मर्यादा का पाठ पढ़ाया है. मर्यादित रहने का आचरण दिया है, उस मर्यादा का पालन करके 500 वर्षों तक प्रभु राम के स्थान को लेने के लिए संघर्ष किया है. 15 दिन और इंतजार कर लो चिंत मत करो. लेकिन हम अयोध्या को बदनाम करने वाले लोगों के बहकावे में कतई ना आएं. ये लो कभी नहीं चाहेंगे की अयोध्या का नाम हो. क्योंकि ये लोग खुद क्षमतावीहिन थे. अयोध्या को ये लोगों ने बिजली नहीं दी. आज दुष्प्रचार करके हमारी सप्त पुरीयों में से पहली पुरी अयोध्या धाम को ये बदनाम करते हैं.’
अयोध्या धाम को बदनाम करने का प्रयास ना करें- योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘इनका आचरण आपके सामने है. इन लोगों ने राम भक्तों पर गोलियां चलाई है. जय श्री राम बोलने पर लाठी भांजते थे. भगवान राम के अस्तित्व पर प्रश्न खड़ा करते थे. न्यायालय में अपने अधिवक्ता खड़े करके रोड़े अटकाने का काम करते थे. ये लोग उपदेश देना बंद करें. एसआईटी गठित हुई है दूध का दूध और पानी का पानी होगा. मेरी सभी से ये अपील होगी कि एसआईटी रिपोर्ट आने तक कोई बयानबाजी कतई ना करें. क्योंकि वो जांच को प्रभावित करती है. जांच चलने दें. जांच के बाद किसी पक्ष को कोई बात कहनी होगी उसके लिए एसआईटी तैयारी होगी. लेकिन अनावश्यक रूप से चरित्र हनन का प्रयास ना करें अयोध्या धाम को बदनाम करने का प्रयास ना करें. अपराधी कोई भी होगा बचेंगे नहीं.’

