रोहतक। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम एक बार फिर जेल से बाहर आ गया है। मंगलवार सुबह ठीक 6 बजे रोहतक की सुनारिया जेल का गेट खुला और कड़ी सुरक्षा के बीच राम रहीम को जेल परिसर से बाहर निकाला गया। उसे इस बार 21 दिन की पैरोल मिली है।

जेल से बाहर निकलते ही राम रहीम को भारी सुरक्षा घेरे में काफिले के साथ रवाना किया गया। सूत्रों के मुताबिक, काफिले के लिए सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा और उत्तर प्रदेश के बागपत स्थित बरनावा आश्रम तक का रूट तय किया गया है। पैरोल अवधि के दौरान उसके इन्हीं ठिकानों पर रहने की संभावना है।

राम रहीम अपनी दो साध्वियों से दुष्कर्म और पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में दोषी ठहराए जाने के बाद सुनारिया जेल में सजा काट रहा है। साध्वी दुष्कर्म मामले में उसे 20 साल की सशर्त कैद की सजा सुनाई गई थी।

राम रहीम को इससे पहले भी कई बार पैरोल और फरलो मिल चुकी है। उसकी हर रिहाई चर्चा का विषय रही है। इस बार भी प्रशासन ने उसकी रिहाई को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं।

सिरसा और बागपत स्थित डेरा परिसरों में भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी रहेगी। फिलहाल 21 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आए राम रहीम का काफिला सुरक्षा घेरे में आगे बढ़ चुका है। अब पैरोल अवधि के दौरान उसकी गतिविधियों और ठहरने के स्थान पर प्रशासन की नजर रहेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m