अयोध्या. राम मंदिर चढ़ावा गबन मामले में गुरुवार को FIR दर्ज हो गई है. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है. नामजद आरोपियों में अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पाण्डेय, रमाशंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव और श्री राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू के नाम शामिल हैं. पुलिस सभी को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है. जिसमें कई बड़े खुलासे हुए हैं.

गुरुवार रात भर सभी से पूछताछ चलती रही. सूत्रों के मुताबिक क़रीब 60 लाख रुपये अब तक बरामद कर लिए गए हैं. टिन्नू और सुभाष ने इस चढ़ावा चोरी प्रक्रिया के बारे में कई महत्वपूर्ण बातें पुलिस को बताई है. इसमें से कई बैंक अफसरों के लिए नाम भी लिए गए हैं. पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक रकम पार करने के बाद अनुकल्प और अन्य आरोपी नोटों की गड्डियों को बाथरूम छिपा देते थे. बाद में मौका पाकर इसे मंदिर के बाहर ले जाते थे. फिर एक मकान में बंटवारा होता था. यह खेल दो से तीन साल से चल रहा था.

इसे भी पढ़ें : राम मंदिर चढ़ावा चोरी: CM योगी के सख्त रुख के बाद FIR, सभी 8 आरोपी पुलिस की हिरासत में

ये था इन 8 लोगों का काम

  • रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू: चंपत राय का करीबी. मंदिर की हर व्यवस्था में हस्ताक्षेप. गणना प्रक्रिया की देखरेख का काम. गणना कक्ष की चाबी इसके पास ही रहती थी. ये घटना का अहम किरदार है.
  • अनुकल्प मिश्रा: लवकुश मिश्रा का जीजा. अनिल मिश्र का रिश्तेदार. चढ़ावा गणना में ड्यूटी. इसके घर से ही चोरी की रकम बरामद हुई थी.
  • लवकुश मिश्रा: अनिल मिश्र का रिश्तेदार. अनुकल्प का साला है. चढ़ावा गणना में ड्यूटी, इसके घर से भी चोरी की रकम बरामद हुई थी.
  • मनीष यादव: टिन्नू यादव का भतीजा है. गणना प्रक्रिया में शामिल. इसके पास से भी चोरी की रकम बरामद हुई थी.
  • अविनाश शुक्ला: गणना ड्यूटी, बैंक खाते से पांच लाख रुपये बरामद होने की चर्चा थी.
  • सुभाष श्रीवास्तव: गणना इंचार्ज, गणना की पूरी प्रक्रिया इसकी निगरानी में होती थी.
  • करुणेश पांडेय: अनुकल्प और लवकुश के साथ पूरी साजिश में शामिल.
  • रमाशंकर मिश्र: अनुकल्प और लवकुश के साथ पूरी साजिश में शामिल.