Ramayana: मुंबई। रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की फिल्म ‘रामायण’ अपनी भव्यता को लेकर लगातार चर्चा में है। फिल्म में किरदारों के लुक से लेकर विशाल सेट और इस्तेमाल की गई चीजों तक, हर छोटी-बड़ी बात पर खास ध्यान दिया गया है। अब फिल्म के आर्ट डायरेक्टर रमेश ने सेट से जुड़ी कुछ ऐसी जानकारियां साझा की हैं, जिन्हें जानकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस फिल्म को बड़े पर्दे पर खास बनाने के लिए मेकर्स ने कितनी मेहनत और खर्च किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, रावण का सिंहासन बनाने में करीब 1 करोड़ रुपये और शूर्पणखा का रथ तैयार करने में डेढ़ करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
चार महीने में तैयार हुआ रावण का सिंहासन
फिल्म में यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। उनका विशाल सिंहासन भी दर्शकों का ध्यान खींच रहा है। आर्ट डायरेक्टर रमेश के मुताबिक, इस सिंहासन को तैयार करना आसान नहीं था। इसे बनाने में करीब चार महीने का समय लगा। सबसे पहले मिट्टी से इसका क्ले मॉडल तैयार किया गया। इसके बाद मोल्ड बनाकर फाइबर की मदद से सिंहासन को अंतिम आकार दिया गया।
सिंहासन को शाही और असली सोने जैसा लुक देने के लिए उस पर 24 कैरेट गोल्ड लीफिंग की गई। इस पूरी प्रक्रिया और बारीक काम के चलते सिर्फ एक सिंहासन को तैयार करने में करीब 1 करोड़ रुपये खर्च हो गए।

शूर्पणखा के रथ पर खर्च हुए डेढ़ करोड़
फिल्म में शूर्पणखा का किरदार रकुल प्रीत सिंह निभा रही हैं। उनके लिए तैयार किया गया रथ भी किसी भव्य सेट से कम नहीं है। रमेश ने बताया कि इस रथ को बनाने में करीब तीन महीने लगे और इसकी लागत डेढ़ करोड़ रुपये से ज्यादा आई। इसे तैयार करने में डिजाइन से लेकर हर बारीकी तक का खास ध्यान रखा गया।

24 फीट ऊंचा बनाया गया जटायु का स्केलेटन
फिल्म में जटायु से जुड़ा एक विशाल स्केलेटन मॉडल भी तैयार किया गया है। इसकी ऊंचाई करीब 24 फीट रखी गई है। इस तरह के बड़े मॉडल और सेट फिल्म की भव्यता को पर्दे पर दिखाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
फिल्म सिटी में बने 150 से ज्यादा सेट
आर्ट डायरेक्टर रमेश के मुताबिक, मुंबई की फिल्म सिटी में प्राइम फोकस के स्टूडियो में ‘रामायण’ के लिए 150 से ज्यादा सेट तैयार किए गए। रमेश इससे पहले करीब 30 फिल्मों में आर्ट डायरेक्शन की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इनमें ‘बड़े मियां छोटे मियां’, ‘83’, ‘टाइगर जिंदा है’ और ‘सुल्तान’ जैसी फिल्में शामिल हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

