रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित कोयला लेवी समेत अन्य मामलों में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं इस पर कांग्रेस का बयान सामने आया है। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को भाजपा सरकार का राजनीतिक षड्यंत्र बताया है।
कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के समय से ही भाजपा केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ षड्यंत्र करती रही है। पहले केंद्रीय एजेंसियों को इस काम में लगाया गया, अब राज्य की जांच एजेंसी के माध्यम से षड्यंत्र किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार ईडी, सीबीआई और आईटी को लगाकर कांग्रेस की छवि खराब करने के लिए कांग्रेस नेताओं के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कर उन्हें परेशान करती रही है। जिन मामलों में ईडी जांच करके कुछ हासिल नहीं कर पाई, उन्हीं मामलों में EOW से जांच करवाई जा रही है। यह मामला अदालत में नहीं टिकेगा। अदालत में भाजपा का षड्यंत्र बेनकाब होगा। इस षड्यंत्र के खिलाफ पूरी मजबूती से कानूनी और लोकतांत्रिक लड़ाई लड़ी जाएगी। हम भाजपा के इन षड्यंत्रों को जनता के बीच भी बेनकाब करेंगे।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

