शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी के छोला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अयोध्या बायपास, भानपुर स्थित पीएम आवास मल्टी (प्रधानमंत्री आवास योजना परिसर) में बीती रात नकाबपोश बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। लगभग आधा दर्जन हथियारबंद और नकाबपोश बदमाशों ने परिसर को निशाना बनाते हुए एक सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि चोरों ने इसी परिसर में 10 और घरों के ताले भी चटकाए, हालांकि वहां वे चोरी करने में कामयाब नहीं हो सके।
रात 2 से सुबह 5 बजे तक चला तांडव
मिली जानकारी के अनुसार, वारदात रात करीब 2:00 बजे से सुबह 5:00 बजे के बीच अंजाम दी गई। चोर बेखौफ होकर करीब तीन घंटे तक मल्टी में घूमते रहे और एक के बाद एक कई घरों के ताले तोड़ते रहे। जिस घर में चोरी हुई, वहां से चोर लाखों रुपये की नगदी और कीमती गहने समेट कर रफूचक्कर हो गए। सुबह जब अन्य रहवासियों की आंख खुली, तो उन्हें इस बड़े घटनाक्रम का पता चला।
तीन महीने में चौथी बड़ी वारदात, रहवासियों में आक्रोश
इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश और डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि पिछले 3 महीनों के भीतर इस मल्टी में चोरी की यह चौथी बड़ी वारदात है। बार-बार हो रही चोरियों के बावजूद सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं।
पुलिस जांच में जुटी, कई लोग बाहर होने से शिकायत में देरी
घटना की सूचना मिलते ही छोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। सुबह से ही पीड़ित और अन्य रहवासी बड़ी संख्या में आवेदन लेकर थाने पहुंचे। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि नकाबपोश बदमाशों की पहचान की जा सके। बताया जा रहा है कि मल्टी के कई रहवासी फिलहाल शहर से बाहर गए हुए हैं, जिसके कारण उनके घरों में हुए नुकसान का सटीक आकलन नहीं हो पाया है और वे अभी आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं करा सके हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

