कुरुक्षेत्र, नवोदित। प्रदेश सरकार व राजस्व विभाग के आदेशों पर बाढ़ आपदा से आमजन को बचाने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने जिला के गांव तंगोर में भव्य मॉक ड्रिल का आयोजन किया। सफल मॉक ड्रिल का आयोजन करते हुए बुजुर्ग व्यक्ति, गर्भवती महिला, बच्चों व खेत में बने डेरे से सांप के काटने वाले व्यक्ति को सुरक्षित निकाला गया।

गांव तंगौर में सुबह 9 बजे ही बाढ़ आपदा मॉक ड्रिल के लिए पुलिस, एसडीआरएफ, फायर, होम गार्ड, रोडवेज, निकाय, बीडीपीओ, पीडब्ल्यूडी, बिजली विभाग, डीआईपीआरओ, स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग, रेडक्रॉस, पब्लिक हेल्थ, राजस्व सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने अपने कर्तव्य और ड्यूटियों को बखूबी निभाया

आपदा से सुरक्षित निकल गए नागरिकों को सुरक्षित स्थान गांव कलसाना के स्कूल में पहुंचाया गया। जहां पर उन्हें चिकित्सा सुविधा, फूड पैकेट सहित अन्य सुविधाएं मुहैया करवाई गई। पूरे व्यवस्था की देखरेख एसडीएम शाहाबाद शंभू राठी ने की।
एसडीएम शंभू राठी ने कहा कि प्रदेश में कई जिलों में बाढ़ को लेकर मॉक ड्रिल की गई है। और लोगों को बाढ़ को लेकर जागरूक भी किया गया है। और साथ ही यह भी बताया गया है कि अगर बाढ़ आती है तो उस समय आमजन को कैसे अपनी जान बचानी चाहिए और लोगों की कैसे सहायता करनी चाहिए।
स्थानीय लोगों ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रशासन का यह बहुत अच्छा कदम है जो की लोगों को बाढ़ के प्रति जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यहां पर हर वर्ष बाढ़ आती है और काफी घर उस बाढ़ से प्रभावित होते हैं इसलिए वह प्रशासन से मांग करते हैं इसका कोई स्थाई समाधान जरूर निकाले।

