अभय मिश्रा, मऊगंज। जिले के हनुमना के हाटा चौकी क्षेत्र के ग्राम लोढ़ी में अवैध उत्खनन का काला कारोबार एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। पत्थर (पटिया-चीप) से लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मृतक की पहचान राजभान साकेत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय ट्रैक्टर में भारी मात्रा में पत्थर लोड था और पहिए के नीचे आने से युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

यह भी पढ़ें; सत्ता के नशे में चूर हुई BJP MLA की बेटी! युवक को बैंक से बुलाकर बीच सड़क मारे जूते, Video Viral

घटना की सूचना मिलते ही हाटा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, जबकि मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अनिल काकड़े भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए। हादसा लोढ़ी गांव में ट्रांसफार्मर प्लांट के पास, पप्पू सिंह की मड़ई के सामने हुआ। सूत्रों के अनुसार, यह दुर्घटना राजेंद्र बहादुर सिंह उर्फ पप्पू के ट्रैक्टर से हुई है। घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन जारी है, जिसकी शिकायतें और ग्राउंड रिपोर्ट भी सामने आ चुकी हैं, लेकिन कार्रवाई के अभाव में खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। वहीं, घटनास्थल पर मौजूद पुलिस पर कुछ दबंगों द्वारा कार्रवाई न करने का दबाव बनाए जाने की भी बात सामने आ रही है। 

यह भी पढ़ें; भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष से मारपीट: BJYM प्रदेश उपाध्यक्ष पर लगे गंभीर आरोप, जिला अध्यक्ष बोले-  पार्टी का कोई भी नेता ऐसा नहीं…

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर अवैध खनन के खतरनाक खेल और प्रशासनिक लापरवाही पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m