रांची। झारखंड की राजधानी रांची में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती दी है। कांके थाना क्षेत्र के रिंग रोड इलाके में हथियारबंद अपराधियों ने कृषि विभाग में कार्यरत रामाशंकर प्रसाद के तीन मंजिला मकान को निशाना बनाया। मंगलवार की अहले सुबह घर में घुसे अपराधियों ने परिवार को हथियार के बल पर बंधक बनाकर लूटपाट की और नकदी व कीमती गहने लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

कार से पहुंचे अपराधी, परिवार को गन पॉइंट पर लिया

मिली जानकारी के अनुसार, करीब पांच अपराधी कार से रामाशंकर प्रसाद के घर पहुंचे थे। घर में घुसते ही उन्होंने परिवार के सदस्यों को हथियार के बल पर अपने नियंत्रण में ले लिया और लूटपाट शुरू कर दी। अपराधी घर से करीब 10 लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के गहने लेकर फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित परिवार फिलहाल कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। पुलिस घर के सदस्यों से पूछताछ कर वारदात से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगी है।

मौके पर पहुंची पुलिस, डॉग स्क्वॉयड से जांच

डकैती की सूचना मिलते ही कांके थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर डॉग स्क्वॉयड और तकनीकी जांच टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने घर और आसपास के इलाके की जांच कर अपराधियों के बारे में सुराग जुटाने का प्रयास किया है। फिलहाल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।

ग्रामीण एसपी ने क्या बताया?

रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि करीब आधा दर्जन अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया है। गृहस्वामी की ओर से फिलहाल 10 लाख रुपये नकद लूटे जाने की जानकारी दी गई है। गहनों की कीमत और उनकी कुल मात्रा के संबंध में अभी विस्तृत जानकारी नहीं मिली है।

पेट्रोल पंप पर फायरिंग के बाद दूसरी बड़ी वारदात

कांके थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में अपराध की यह दूसरी बड़ी घटना है। रविवार रात रिंग रोड स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप के बाहर बाइक सवार अपराधियों ने चार राउंड फायरिंग की थी। घटनास्थल से कारतूस के खोखे भी बरामद हुए थे।

उस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है और आरोपियों का सुराग नहीं मिल पाया है। इसी बीच कृषि विभाग के अधिकारी के घर डकैती की घटना सामने आने से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।