नामकुम। खरसीदाग ओपी क्षेत्र के गढ़खटंगा स्थित भारतीय कृषि जैव प्रौद्योगिकी संस्थान (ICAR-IIAB) के हॉस्टल में रहकर PhD की पढ़ाई कर रहे छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार को छात्र का शव हॉस्टल के कमरे से बरामद किया गया। मृतक की पहचान प्रथमेश के रूप में हुई है। वह महाराष्ट्र के रायपुर का रहने वाला बताया गया है और आईआईएबी में पीएचडी कर रहा था।

काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला छात्र

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह प्रथमेश काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं आया। इससे हॉस्टल में रहने वाले अन्य छात्रों को संदेह हुआ। उन्होंने कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था।

इसके बाद लोगों ने दरवाजा तोड़ा तो प्रथमेश कमरे के अंदर अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण

घटना की सूचना मिलने के बाद संस्थान प्रबंधन ने खरसीदाग ओपी पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को फोन के माध्यम से घटना की जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार, प्रथमेश की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।