रांची। रांची एयरपोर्ट पर मंगलवार को यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। तकनीकी और एयर ट्रैफिक कारणों से आठ उड़ानें निर्धारित समय से देरी से संचालित हुईं, जबकि रांची-कोलकाता की एक फ्लाइट को रद्द कर दिया गया। इससे कई यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई और उन्हें लंबे समय तक एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा।
मंगलवार को देश के विभिन्न राज्यों से आने वाली और रांची से रवाना होने वाली कई उड़ानें विलंबित रहीं। सबसे ज्यादा परेशानी रांची-कोलकाता जाने वाले यात्रियों को हुई, क्योंकि इंडिगो की शाम 5:50 बजे रवाना होने वाली फ्लाइट तकनीकी कारणों से रद्द कर दी गई।
इसके अलावा कई अन्य उड़ानें भी तय समय से देरी से संचालित हुईं। इंडिगो की रांची-दिल्ली फ्लाइट सुबह 9:10 बजे के बजाय 9:41 बजे रवाना हुई। एयर इंडिया एक्सप्रेस की रांची-दिल्ली उड़ान सुबह 10 बजे की जगह 10:35 बजे उड़ी।
दोपहर और शाम की उड़ानें भी हुई प्रभावित
दोपहर और शाम की उड़ानों पर भी देरी का असर देखने को मिला। इंडिगो की रांची-मुंबई फ्लाइट दोपहर 1:40 बजे की बजाय 2:47 बजे, एयर इंडिया एक्सप्रेस की दूसरी रांची-दिल्ली फ्लाइट 3 बजे की बजाय 3:21 बजे और रांची-बेंगलुरु फ्लाइट 3:50 बजे की जगह 4:41 बजे रवाना हुई।
इसी तरह इंडिगो की रांची-दिल्ली फ्लाइट शाम 5:05 बजे के बजाय 5:45 बजे, रांची-भुवनेश्वर फ्लाइट 6:50 बजे की बजाय रात 8:05 बजे और रांची-चेन्नई फ्लाइट 7:40 बजे की जगह 7:55 बजे रवाना हुई।
तकनीकी कारणों और एयर ट्रैफिक की व्यस्तता कारण उड़ानों में हुई देरी
एयरलाइंस अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी कारणों और एयर ट्रैफिक की व्यस्तता के चलते उड़ानों के संचालन में देरी हुई। हालांकि, सभी विलंबित उड़ानों का संचालन बाद में किया गया, लेकिन यात्रियों को एयरपोर्ट पर काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।


