रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के युवा नेता और रांची नगर निगम के पूर्व मेयर प्रत्याशी सुजीत कुजूर गंभीर हादसे का शिकार हो गए हैं। बुधवार सुबह घर की छत से गिरने के बाद उन्हें गंभीर हालत में बरियातू स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए ICU में रखा है।
अचानक छत से नीचे गिरे सुजीत कुजूर
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह सुजीत कुजूर अपने घर की छत पर मौजूद थे। इसी दौरान अचानक वे अनियंत्रित होकर नीचे गिर गए। हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
ऊंचाई से गिरने के कारण उनके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है।
सुजीत कुजूर के घायल होने की खबर से समर्थकों में चिंता
हादसे की खबर सामने आने के बाद JMM के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और उनके शुभचिंतक अस्पताल पहुंच रहे हैं। सभी डॉक्टरों से उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ले रहे हैं।
रांची मेयर चुनाव में JMM के प्रत्याशी थे सुजीत कुजूर
सुजीत कुजूर रांची की राजनीति में सक्रिय चेहरा हैं। उन्होंने इसी साल फरवरी में हुए रांची नगर निकाय चुनाव में JMM समर्थित मेयर प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा था। चुनाव में वे तीसरे स्थान पर रहे थे।
चुनाव में BJP समर्थित रोशनी खलखो विजयी रही थीं, जबकि कांग्रेस समर्थित रमा खलखो दूसरे स्थान पर रही थीं। चुनाव के बाद भी सुजीत कुजूर राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं।


