रांची। राजधानी रांची में छात्र आंदोलन के बीच शुक्रवार को बड़ा हंगामा हो गया। विधानसभा घेराव के दौरान ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा पर एक छात्र ने स्याही फेंक दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल आरोपी छात्र को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इससे पहले नेहा बोरा ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचकर जेपीएससी-जेएसएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के विरोध में आंदोलन कर रहे छात्रों से मुलाकात की और उनके आंदोलन को नैतिक समर्थन दिया।

नेहा बोरा ने कहा कि छात्रों की मांगें पूरी तरह जायज हैं और सरकार को उनकी बात गंभीरता से सुननी चाहिए। उन्होंने कहा कि लंबे समय से छात्र शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें उठा रहे हैं, इसलिए उनकी आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उनके अनुसार यह केवल छात्रों का नहीं, बल्कि राज्य के युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है।

धरना स्थल पर विधानसभा घेराव को लेकर भी चर्चा हुई। नेहा बोरा ने छात्रों से समर्थन की अपील की, लेकिन आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन पूरी तरह गैर-राजनीतिक है और वे किसी भी राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे।

नेहा बोरा ने अनशन पर बैठे छात्र देवेंद्र महतो से भी मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। छात्रों ने बताया कि उनका अपना विधानसभा घेराव कार्यक्रम 10 अगस्त को निर्धारित है और उसी के माध्यम से वे अपनी मांगें सरकार के समक्ष रखेंगे।इसके बाद नेहा बोरा अपने संगठन के साथ विधानसभा घेराव के लिए रवाना हो गईं।

विधानसभा घेराव के दौरान स्याही फेंकी गई

विधानसभा घेराव के दौरान अचानक उस समय हंगामा मच गया, जब नेहा बोरा पर एक छात्र ने स्याही फेंक दी। इस घटना से कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई।

मौके पर मौजूद लोगों और सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपित छात्र को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि घटना व्यक्तिगत स्तर पर की गई या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक के आरोपों को लेकर जारी आंदोलन के बीच हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ के बाद घटना के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा।