० निर्मला कॉलेज परीक्षा केंद्र पर आधे छात्रों को बैकलॉग और आधे को रेगुलर प्रश्नपत्र मिला, परीक्षा नियंत्रक ने जांच के दिए निर्देश

रांची। रांची विश्वविद्यालय की यूजी सेमेस्टर-1 परीक्षा के दौरान शुक्रवार को बड़ी गड़बड़ी सामने आई। निर्मला कॉलेज परीक्षा केंद्र पर एक ही कक्षा में बैठे विद्यार्थियों को दो अलग-अलग प्रश्नपत्र बांट दिए गए, जिससे छात्रों में भ्रम और चिंता की स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार, जेनेरिक विषय समाजशास्त्र की परीक्षा में आधे विद्यार्थियों को वर्तमान सत्र का प्रश्नपत्र, जबकि बाकी छात्रों को सीबीसीएस बैकलॉग का प्रश्नपत्र दे दिया गया। दोनों प्रश्नपत्रों में पूछे गए सवाल अलग-अलग थे।

छात्रों ने वीक्षक से की शिकायत

परीक्षार्थियों ने परीक्षा हॉल में मौजूद वीक्षक को इस गड़बड़ी की जानकारी दी, लेकिन मौके पर कोई समाधान नहीं निकाला गया। जिन छात्रों को बैकलॉग का प्रश्नपत्र मिला, उनका कहना है कि वे बैकलॉग परीक्षार्थी नहीं हैं और प्रश्नपत्र में पूछे गए विषयों की पढ़ाई भी उन्होंने नहीं की थी।

विश्वविद्यालय ने जांच के दिए निर्देश

मामले पर रांची विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संजय कुमार सिंह ने कहा कि अभी तक परीक्षा केंद्र से इस संबंध में कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। हालांकि, उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने की बात कही है।

उन्होंने बताया कि यह भी जांच की जाएगी कि कहीं बैकलॉग परीक्षार्थी नियमित परीक्षा में तो शामिल नहीं हो रहे थे। फिलहाल इस गड़बड़ी को लेकर विद्यार्थियों में असमंजस और चिंता का माहौल बना हुआ है।