जींद/नरवाना ( संजय कुमार) : पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव होने के बाद भाजपा सरकार द्वारा महंगाई की दूसरी किस्त जारी कर दी है। कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद रणदीप सुरजेवाला ने महंगाई को लेकर भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार बोला है। शनिवार को नरवाना में अपने आवास “सुरजेवाला भवन” पर रणदीप सुरजेवाला ने कार्यकर्ताओं का कुशलक्षेम जाना।
सुरजेवाला ने कहा कि मोदी सरकार ने आमजनमानस और गरीब जनता पर महंगाई का नया घातक हमला बोल दिया है। चुनाव नतीजे के 11वें दिन भाजपा सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दामों में प्रति लीटर ₹3 बढ़ोत्तरी कर दी है। सीएनजी के दामों में भी प्रति किलो ₹2 बढ़ोतरी हुई है। देश में करीब 70% माल ढुलाई सड़क मार्ग से होती है। डीजल के दाम बढ़ने से सब्जी, अनाज, दूध, दवा, राशन, एफएमसीजी शाहिद तमाम उत्पादों की ढुलाई महंगी हो गई है। महंगाई का सीधा असर आम आदमी की रसोई, ट्रांसपोर्ट और आमजन की रोजमर्रा जिंदगी पर पड़ रहा है। हरियाणा के अधिकतर इलाकों में पेट्रोल के दाम ₹100 प्रति लीटर से भी ज्यादा हो गए हैं।
सांसद रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार आम आदमी की जेब से पैसा निकालकर चंद उद्योगपतियों को लाभ पहुंचा रही है। 2014 से 2025 तक मोदी सरकार ने पेट्रोल पर औसतन 19.70 रुपए प्रति लीटर और डीजल पर 15.50 रुपए प्रति लीटर की Excise duty लगाई है। मोदी सरकार ने 2014-25 के बीच 21 बार Excise duty बदली, जिसमें 12 बार इसे बढ़ाया गया। वहीं, बहुत ही थोड़ा कम किया गया।

27 मार्च 2026 को मोदी सरकार ने कहा कि पेट्रोल पर Excise duty 13 रुपए से घटाकर 10 रुपए किया जा रहा है, वहीं डीजल पर Excise duty जीरो की जा रही है। लेकिन असलियत में जनता को इसका कोई फायदा नहीं मिला, इसका पूरा फायदा सिर्फ तेल कंपनियों की जेब में गया। सुरजेवाला ने कहा कि जब भी चुनाव खत्म होता है, नरेंद्र मोदी पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा देते हैं, ये इनका इतिहास रहा है। नेता विपक्ष राहुल गांधी जी ने भी इस बारे में लोगों को आगाह किया था।
कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि “नायब सैनी” और “मोदी सरकार” का “साइकिल ऑफ लूट” बदस्तूर जारी है। 11 साल में मोदी सरकार ने देश की जनता से पेट्रोल-डीजल से 43 लाख करोड़ यानी हर रोज 1,000 करोड़ लूटे हैं। 26 मई 2014 को पेट्रोल की कीमत 71.41 रुपए/लीटर थी और आज पेट्रोल की कीमत 97.70 रुपए/लीटर है। 26 मई 2014 को डीजल की कीमत 56.71 रुपए/लीटर थी और आज डीजल की कीमत 90.67 रुपए/लीटर है। सुरजेवाला ने कहा कि 2014 में क्रूड आयल की कीमत औसतन 100-108 डॉलर/बैरल थी और अगर वेस्ट एशिया युद्ध का समय छोड़ दिया जाए तो मोदी सरकार में क्रूड आयल के दाम औसतन 70 डॉलर/बैरल रहे हैं। यानी- 70 डॉलर/बैरल के हिसाब से पेट्रोल की कीमत 61.60 रुपए/लीटर और डीजल की कीमत 56.99 रुपए/लीटर होनी चाहिए। आज CNG की कीमत में भी 2 रूपए का इजाफा कर दाम 79.9 रुपए कर दिया गया है।
सुरजेवाला ने कहा कि 2014 में लोकसभा चुनाव और 2015 में दिल्ली के विधानसभा चुनाव के बाद सरकार ने पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए थे। 2019 में लोकसभा चुनाव के तुरंत बाद भी पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ा दी गई थी। इसके बाद मार्च 2022 में यूपी चुनाव आया। नरेंद्र मोदी बोलते रहे कि दाम नहीं बढ़ाएंगे, लेकिन चुनाव खत्म होते ही फिर पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए गए। मई 2014 में गैस सिलेंडर 412 रुपए का था, जो मोदी सरकार में 1,000 रुपए तक पहुंच गया है। 12 साल में घरेलू सिलेंडर की कीमतों में 121% की बढ़ोतरी हुई है। कांग्रेस के समय LPG की कीमत 880.5/MT थी और आज यह कीमत 542.5/MT है। 2014 में कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत 1,541 रुपए थी और आज इसकी कीमत 3,071.50 रुपए है। 5 किलो वाले छोटू सिलेंडर की कीमत भी 261 रुपए बढ़ा दी है।
सांसद रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि सच्चाई यही है कि BJP सरकार हिंदुस्तान के लोगों को बेवकूफ समझती है। इससे पहले भी भाजपा सरकार ने 1 मई से 19 किलो के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में एक झटके में ₹993 की भारी बढ़ोतरी कर दी थी। इसके अलावा, छोटे दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी वालों और छोटे होटल-ढाबों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले 5 किलोग्राम फ्री ट्रेड एलपीजी(एफटीएल) सिलेंडर की कीमत भी ₹261 बढ़ा दी थी।
सांसद रणदीप सुरजेवाला ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि 31 मार्च को प्रेस कॉन्फ्रेंस में मैंने स्पष्ट चेतावनी दी थी कि चुनाव बीतते ही ‘लूट और धोखे की परमानेंट गारंटी’ वाली भाजपा महंगाई का नया बम फोड़ेगी। चुनाव परिणाम के बाद भाजपा ने अपनी असली मंशा दिखा दी है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि महंगाई और मंदी की दोहरी मार से देश त्रस्त है, फिर भी भाजपा की लूट की रफ्तार नहीं थम रही। भाजपा द्वारा देश की जनता के हकों व विश्वास पर चोट पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि यह महंगाई की सिर्फ दूसरी किस्त है। आने वाले दिनों में घरेलू गैस, पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में और बढ़ोतरी का बोझ जनता पर लादा जाएगा। उन्होंने कहा कि देश पहले से ही रिकॉर्ड बेरोजगारी और बेहिसाब महंगाई की आग में जल रहा है। छोटे व्यापारी और आम परिवार कर्ज के जाल में फंसे हुए हैं। इसके बावजूद भाजपा ‘आपदा को अवसर’ मानकर जनता की जेब पर लगातार डाका डाल रही है।
हरियाणा मुख्यमंत्री नायब सैनी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल करते हुए रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि कब तक आमजनमानस, छोटे व्यापारी और मेहनतकश की कमर तोड़ती रहेगी यह ‘भाजपाई महंगाई’? कब तक ‘अमृतकाल’ की जगह ‘महंगाई काल’ चलता रहेगा? आख़िर कब तक चुनावी जुमलों में भारत की जनता के साथ धोखा व छल किया जाएगा।
- माँ-बहू के झगड़े ने उजाड़ दिया परिवार: फोन पर बात करते ही होमगार्ड जवान ने चलते ट्रक से कूदकर दी जान, मौत की खबर सुन पत्नी ने भी उठाया खौफनाक कदम
- फरीदाबाद में चलती ऑडी कार में लगी अचानक आग, ट्रैफिक पुलिस की सूझबूझ से बची चालक की जान
- सड़क परियोजनाओं में लेटलतीफी पर मंत्री ई. शैलेन्द्र सख्त, लापरवाह ठेकेदारों को डिबार करने का आदेश
- इंटरनेशनल जूडो खिलाड़ी और कॉमनवेल्थ गोल्ड मेडलिस्ट नरेश की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, ट्रक चालक फरार
- CG News : क्रेडा की संविदा भर्ती पर हाईकोर्ट ने लगाई रोक, अफसरों को नोटिस कर मांगा जवाब, जानिए पूरा मामला…

