प्रदीप मालवीय, उज्जैन। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन एक बार फिर शर्मसार हुई है। यहां एक महामंडलेश्वर द्वारा शादी का झांसा देकर महिला के साथ दुष्कर्म किया गया है। महिला के आवेदन पर थाना महाकाल पुलिस ने जांच उपरांत आरोपी महामंडलेश्वर के खिलाफ दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज किया है। हालांकि आरोपी अभी फरार है।
मामला दादूराम आश्रम का
दरअसल पूरा मामला उज्जैन के सदावल मार्ग पर स्थित दादू राम आश्रम का है। आश्रम के संचालक निर्मोही अणि अखाड़े के महामंडलेश्वर ज्ञान दास महाराज पर दुष्कर्म के आरोप लगे हैं। एडिशनल एसपी आलोक शर्मा ने बताया कि फरियादी महिला सांस्कृतिक ग्रुप से जुड़ी हुई है। सांस्कृतिक आयोजनों के दौरान ही महाराज से संपर्क हुआ। महाराज ने महिला को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी व व्हाट्सएप पर चैटिंग की। महिला का दादूराम आश्रम में लगभग एक वर्ष तक आना जाना लगा रहा।
बीएनएस की धारा 351(3) व 69 में केस दर्ज
इस दौरान महामंडलेश्वर ने महिला को शादी का झांसा दिया और लगातार दुष्कर्म करता रहा। जब शादी करने से इनकार किया तो महिला ने थाना महाकाल पुलिस में आवेदन दिया और घटना से संबंधित साक्ष्य दिए। जिसमें ऑडियो रिकॉर्डिंग व वाट्सएप चैटिंग थी। मामले में पुलिस ने आरंभिक जांच के बाद महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज के खिलाफ बीएनएस की धारा 351(3) व 69 में केस दर्ज कर लिया है । मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


