कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात सामने आ रही है, जहां एक युवती को नौकरी का झांसा देकर पहले तो जाल में फंसाया गया और फिर उसके साथ दुष्कर्म कर उसे ब्लैकमेल किया जाने लगा। मामला थाटीपुर थाना क्षेत्र का है, जहां एक 23 साल की युवती को फ्लैट पर ले जाकर गलत हरकत की गई। इतना ही नहीं, बाद में फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। पीड़िता की शिकायत के बाद थाटीपुर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों पर छेड़छाड़, धमकाने और आईटी एक्ट की गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।
बहाने से ले गया सूने फ्लैट
दरअसल, थाटीपुर थाना क्षेत्र के कुम्हरपुरा की रहने वाली 23 साल की पीड़िता ने पुलिस में आपबीती सुनाने के बाद FIR दर्ज कराई है। पीड़िता की शिकायत के मुताबिक,करीब एक साल पहले मई 2025 में नौकरी की तलाश के दौरान उसकी मुलाकात विनय जाटव नाम के युवक से हुई थी। युवती ने विनय के यहां दो दिन काम भी किया, लेकिन काम समझ न आने पर उसने नौकरी छोड़ दी। नौकरी छोड़ने के बाद भी विनय लगातार फोन कर उसे परेशान करता रहा। आरोप है कि जून 2025 में विनय बहाने से पीड़िता को अल्कापुरी स्थित अपने एक सूने फ्लैट पर ले गया। वहां विरोध करने के बावजूद विनय ने उसके साथ जबरदस्ती की और गलत तरीके से छुआ। सामाजिक बदनामी के डर के चलते पीड़िता ने यह बात किसी को नहीं बताई। लेकिन असली प्रताड़ना इसके बाद शुरू हुई।
दोस्तों ने भी युवती को किया ब्लैकमेल
विनय के दो दोस्तों आदर्श उर्फ विनीत जाटव और प्रांशू उर्फ पीयूष माझी ने भी युवती को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। 2 जून 2026 को आदर्श ने कॉल कर धमकी दी कि पीड़िता के वीडियो और फोटो इंटरनेट साइट पर अपलोड हैं, जिन्हें हटवाने के बदले उसने और तस्वीरें मांगीं। वहीं प्रांशू नाम का आरोपी व्हाट्सएप कॉल कर लगातार मिलने का दबाव बना रहा था। तीनों आरोपियों से लगातार मिल रही धमकियों से तंग आकर आखिरकार पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और पूरी बात अपने परिवार को बताई। परिजन तुरंत युवती को लेकर थाटीपुर थाने पहुंचे,जहां पुलिस ने मामला दर्ज कर तीनो आरोपियो विनय, आदर्श और प्रांशू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

