रोहतक। हरियाणा के रोहतक में गोहाना रोड पर शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां राजलक्ष्मी सीमेंट-सरिया दुकान के संचालक पर एक अज्ञात हमलावर ने दुकान में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में एक गोली प्रवीण की गर्दन को चीरते हुए गाल से निकल गई,

जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के समय दुकान पर मौजूद पीड़ित के ताऊ ने बताया कि, सुबह करीब साढ़े नौ बजे हमलावर दुकान की बगल वाली गली से आया और प्रवीण को निशाना बनाकर तीन गोलियां चलाईं। एक गोली युवक के चेहरे और गर्दन के पास लगी, जबकि अन्य दो गोलियां दुकान की दीवारों में जा धंसीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

फायरिंग की सूचना मिलते ही ओल्ड सब्जी मंडी थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस हमले को आपसी लेनदेन के विवाद से जोड़कर देख रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावर की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।