उत्तर प्रदेश में उचित दर विक्रेताओं का लाभांश 90 से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल किया जाएगा और डिजिटल फीडबैक प्रणाली शुरू की जाएगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को लखनऊ में व्यवस्था का शुभारंभ करेंगे और इसके बाद गोरखपुर में कुश्ती प्रतियोगिता के समापन समारोह में शामिल होंगे.

सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तर प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं के लिए सोमवार का दिन अहम होने जा रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राशन वितरण व्यवस्था से जुड़े विक्रेताओं को लाभांश बढ़ाने की सौगात देने के साथ ही उनके अनुभव और समस्याओं को सीधे सरकार तक पहुंचाने के लिए नई डिजिटल व्यवस्था की शुरुआत करेंगे. सरकार का फोकस एक साथ दो स्तरों पर है, राशन विक्रेताओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाना.

मुख्यमंत्री सोमवार को लोक भवन सभागार में सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के तहत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ करेंगे. नई व्यवस्था के जरिए राशन विक्रेता डोर-स्टेप डिलीवरी से जुड़े अपने अनुभव, समस्याएं और प्रतिक्रिया डिजिटल माध्यम से सीधे दर्ज करा सकेंगे. इससे फील्ड से मिलने वाला फीडबैक अधिकारियों तक तेजी से पहुंचेगा और व्यवस्था में आवश्यक सुधार करने में मदद मिलेगी.

90 से 125 रुपये प्रति कुंतल होगा लाभांश

योगी सरकार ने उचित दर विक्रेताओं के आर्थिक हित को भी प्राथमिकता दी है. वर्तमान में मिलने वाले 90 रुपये प्रति कुंतल लाभांश को बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल किया जाएगा. यानी विक्रेताओं को प्रत्येक कुंतल राशन वितरण पर 35 रुपये अतिरिक्त लाभांश मिलेगा.

सरकार का मानना है कि राशन वितरण प्रणाली की सफलता में उचित दर विक्रेताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है. ऐसे में उनकी आर्थिक स्थिति बेहतर होने से वितरण व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी. खास बात यह है कि लाभांश बढ़ाने के साथ सरकार ने उनकी समस्याओं और अनुभवों को सुनने के लिए डिजिटल फीडबैक का रास्ता भी खोला है.

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के अलावा खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय तथा राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा मौजूद रहेंगे.

गोरखपुर में पहलवानों को सम्मान

लखनऊ के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री गोरखपुर पहुंचेंगे. नागपंचमी के अवसर पर दोपहर तीन बजे श्रीगोरखनाथ मंदिर के मेला परिसर में आयोजित प्रदेश स्तरीय प्राइजमनी पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह में शामिल होंगे.

जहां मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश केसरी, उत्तर प्रदेश कुमार और उत्तर प्रदेश वीर अभिमन्यु श्रेणी के विजेता पहलवानों को पुरस्कृत करेंगे.