सुशील खरे, रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले का जावरा शहर आज अपने धैर्य, कौमी एकता और सांप्रदायिक सौहार्द की सबसे बड़ी परीक्षा से गुजर रहा है। अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर पहली बार शहर की सभी प्रमुख गणेश प्रतिमाओं का एक साथ सामूहिक विसर्जन चल समारोह निकालने की योजना बनाई गई है। हालांकि, जुलूस के शुरुआती स्थल ‘पैलेस मैदान’ को लेकर उपजे विवाद के बाद शहर में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई है। वर्ष 1992 में बाबरी ढांचा विध्वंस के बाद यह पहला मौका है जब जावरा में इस स्तर का पुलिस बल और तनाव देखा जा रहा है।
क्या है पूरा विवाद और दोनों पक्षों का पक्ष?
- मुस्लिम पक्ष का तर्क: मुस्लिम समाज के अनुसार यह ‘कर्बला मैदान’ है, जहाँ केवल पारंपरिक रूप से मुस्लिम समाज के धार्मिक आयोजन होते आए हैं। किसी भी नई परंपरा की शुरुआत से भविष्य में विवाद की स्थितियां बन सकती हैं, इसलिए इसका विरोध किया जा रहा है। हालांकि, सीरत कमेटी के कार्यवाहक सदर मोबिन मेव और नवाब के नवासे गुलाम मकदूम बाबा ने सभी से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
- हिंदू पक्ष का तर्क: आयोजन समिति का कहना है कि जुलूस को एकरूपता देने और बाजार के समीप होने के कारण पैलेस मैदान का चयन किया गया है। इसके पीछे कोई अन्य मंशा या किसी की भावना आहत करने का विचार नहीं है।
1000 से अधिक जवान तैनात
रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की 2 कंपनियां, SAF की 5 कंपनियां और 1 महिला बटालियन तैनात की गई है।
- सुरक्षा व्यवस्था की कमान 5 ASP, 8 DSP और 40 थाना प्रभारियों (TI) समेत 1000 से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों के हाथों में है।
- निगरानी के लिए 15 ड्रोन कैमरे, 30 वीडियो कैमरे, 100 से ज्यादा सीसीटीवी (CCTV) और 10 वज्र वाहन मैदान में उतारे गए हैं।
- प्रत्येक बड़ी गणेश झांकी के साथ 1-4 का सुरक्षा गार्ड का दस्ता चलेगा और बहुमंजिला इमारतों की छतों से स्नाइपर्स नजर रखेंगे।
कलेक्टर-एसपी ने निकाला फ्लैग मार्च, मंदिर में की शांति की प्रार्थना
तनाव के बीच रतलाम कलेक्टर अजय कटेसरिया और एसपी अमित कुमार ने पुलिस बल के साथ संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला। इसके बाद अधिकारियों ने श्री जागनाथ महादेव मंदिर पहुँचकर पूजन-अर्चन किया और जावरा शहर में अमन व सौहार्द बने रहने का आशीर्वाद मांगा।
शहनाज अख्तर और नासिक का ढोल रहेगा आकर्षण
आयोजन समिति के अध्यक्ष राहुल उपमन्यु के अनुसार, तनाव के बावजूद चल समारोह को लेकर भक्तों में उत्साह है। समारोह में सुप्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर अपनी प्रस्तुतियां देंगी और नासिक की प्रसिद्ध ढोल-ताशा पार्टी भी शामिल होगी। इसके साथ ही अखाड़े, भव्य झांकियां और चौपाटी के राजा की झांकी जुलूस की शोभा बढ़ाएंगी। शहर में कई स्थानों पर स्थानीय लोगों द्वारा स्वेच्छा से स्वल्पाहार स्टॉल भी लगाए जा रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


