संजय पाटीदार, भोपाल/ रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम में राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन आग का गोला बन गई। AC कोच में शॉर्ट सर्किट की वजह से यह बड़ा हादसा हुआ। आग ने दो बोगियों को चपेट में ले लिया। जिसके बाद उसमें मौजूद 65 यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही रतलाम से ART/ARME घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है।

दरअसल, त्रिवेंद्रम-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (12431) त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली) जा रही थी। तभी सुबह 5:15 बजे रतलाम के लूनी और आलोट रेलवे स्टेशन के बीच कोटा रेल मंडल में ट्रेन के B-1 कोच में आग लग गई। इस घटना के बाद यात्री दहशत में आ गए। रतलाम कंट्रोल को कोटा कंट्रोल से 05.20 बजे इसकी जानकारी मिली।

रेलवे अधिकारियों ने तुरंत दोनों प्रभावित बोगियों को बाकी ट्रेन से अलग कर दिया। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम कर रही है। कोटा पीआरओ के अनुसार, रेलवे की स्वास्थ्य विभाग टीम भी व्यवस्था संभालने के लिए रवाना हो चुकी है। अभी तक किसी यात्री के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

सौरभ जैन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, कोटा मंडल

इस घटना में किसी प्रकार की कैजुअल्टी नहीं हुई है। DRM रतलाम घटना स्थल की ओर रवाना हो गए हैं। रतलाम से ART/ARME रवाना हो गई है। टावर वैगन रतलाम से घटना स्थल की ओर रवाना किया गया है। इसके कारण कुछ ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m