कुंदन कुमार, पटना। शहर के गर्दनीबाग धरना स्थल पर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच चर्चित शिक्षक रौशन आनंद सर ने घोषणा की है कि वे इस बार रक्षाबंधन का पवित्र त्योहार अपने आंदोलनरत छात्र-छात्राओं के साथ गर्दनीबाग में ही मनाएंगे।
छात्रों के हक और अधिकारों की लड़ाई को मजबूत समर्थन देने के लिए रौशन आनंद सर 28 अगस्त को गर्दनीबाग धरना स्थल पर पहुंचेंगे। वहां वे आंदोलन में शामिल बहनों से राखी बंधवाएंगे और उनके संघर्ष में पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़े होने का संदेश देंगे। यह पहल न केवल छात्रों का मनोबल बढ़ाएगी, बल्कि इस आंदोलन को एक नई दिशा और व्यापक पहचान भी देगी।
न्याय की मांग के लिए डटे हैं युवा
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर छात्र और छात्राएं लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रशासन और सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने के लिए ये युवा बिना थके अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। ऐसे में रौशन आनंद सर का इस प्रकार धरना स्थल पर पहुंचकर रक्षाबंधन मनाना यह साबित करता है कि शिक्षक समुदाय पूरी तरह से इन युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और न्याय की मांग के समर्थन में एकजुट है।


