इमरान खान, खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा में रावण पुतला दहन के पहले बारिश और तेज हवा चली। रावण के पुतले बारिश में भीग गया, कुछ पुतले जमीन पर गिर गए। खंडवा में दशहरे के मौके पर रावण उत्सव समिति ने रावण , मेघनाथ कुंभकरण के पुतले खड़े किए थे लेकिन आधा घंटा हुई तेज हवा और बारिश ने इन पुतलों पर पानी फेर दिया। रावण का पुतला जमीन पर गिर गया, दूसरे की गर्दन टूट कर नीचे गिर गई और तीसरा सीधे खड़े नहीं हो पा रहा। शहर में चार अलग-अलग स्थान पर रावण पुतला दहन की तैयारी की गई थी। बारिश और तेज हवा ने पुतलों को बड़ा नुकसान पहुंचाया है। एक उत्सव समिति के लोग तैयारी में भिड़े हैं और दूसरी समिति के आयोजकों ने अब कल रावण दहन का फैसला लिया है।
खंडवा में चार स्थानों पर रावण दहन का कार्यक्रम होता है। एसएन कॉलेज ग्राउंड, रामनगर, नवचंडी धाम और गुरु गोविंद सिंह स्टेडियम और राम नगर में यहां रावण के पुतले खड़े किए गए थे। खंडवा के गुरु गोविंद सिंह स्टेडियम ग्राउंड पर हमेशा की तरह रात लगभग 8:00 बजे पुतला दहन का कार्यक्रम तय था, लेकिन 6:30 और 7:00 के दरमियान तेज हवा आंधी के साथ बारिश ने इन पुतलों पर पानी फेर दिया। बारिश ने आयोजकों के सामने चिंता पैदा कर दी। बारिश के कारण रावण के पुतले को तो नुकसान पहुंचा ही मैदान में भी पानी भरने की वजह से चारों तरफ कीचड़ फैल गया।
पुतला दहन के दौरान रावण के पुतलों के अंदर पटाखे भी रखे गए थे जो भी पानी में भीग गए। आनन फानन में आयोजन समिति के लोग इन पुतुल को वापस तैयार करने की कोशिश में भीड़ गए हैं, उम्मीद है थोड़ी देरी से ही सही लेकिन रावण दहन का कार्यक्रम पूरे उत्साह के साथ संपन्न किया जाएगा। एसएन कॉलेज ग्राउंड समिति ने रावण दहन का कार्यक्रम टाल दिया अब यहां कल रावण दहन होगा, जबकि गुरु गोविंद सिंह स्टेडियम में आज ही रावण दहन किया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

