पटना। पश्चिम बंगाल के हालिया चुनाव परिणामों ने भारतीय जनता पार्टी के खेमे में भारी उत्साह भर दिया है। पटना एयरपोर्ट पहुंचे अभिनेता और भाजपा सांसद रवि किशन एवं दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने बंगाल की जीत को ऐतिहासिक करार देते हुए इसे देश की राजनीति के लिए एक नया मोड़ बताया है।
चाणक्य नीति और शुभेंदु पर भरोसा
सांसद रवि किशन ने बंगाल में भाजपा की सरकार बनने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि राज्य अब पहली बार सही मायने में केंद्र की मुख्यधारा से जुड़ेगा। उन्होंने इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की ‘चाणक्य नीति’ को दिया। किशन ने कहा, बंगाल की जनता ने मोदी-शाह की जोड़ी पर भरोसा जताया है। यही कारण है कि शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में पहली बार वहां भाजपा की सरकार बनी है।
यूपी 2027: 17 से भी बड़ी जीत का दावा
उत्तर प्रदेश की भावी राजनीति पर चर्चा करते हुए रवि किशन ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि बंगाल की जीत की लहर अब यूपी तक पहुंच चुकी है। 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा, 2017 के अपने ही रिकॉर्ड को तोड़कर और भी प्रचंड बहुमत हासिल करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि मोदी और योगी आदित्यनाथ की जोड़ी प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।
खेसारी पर ‘मौन’ और विजय को ‘शुभकामनाएं’
जब रवि किशन से टीएमसी के लिए प्रचार करने वाले भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कोई सीधा जवाब न देकर बस मुस्कुराते हुए हर-हर महादेव कहा। वहीं, तमिलनाडु की राजनीति में कदम रखने वाले अभिनेता विजय को उन्होंने बधाई दी और उम्मीद जताई कि एक कलाकार के रूप में वे जनता की सेवा बखूबी करेंगे।
सांस्कृतिक विरासत और विकास का मेल: निरहुआ
सांसद निरहुआ ने बंगाल के जनादेश को जनता की ‘अपनी पसंद’ करार दिया। उन्होंने कहा कि टीएमसी ने लंबे समय तक बंगाल की प्रगति को बाधित कर रखा था। प्रधानमंत्री मोदी की सराहना करते हुए निरहुआ ने कहा, मोदी जी देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जो आधुनिक विकास के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत और जनभावनाओं का भी सम्मान करते हैं। भाजपा का लक्ष्य हर राज्य में सुशासन पहुंचाना है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

