सोहराब आलम/पूर्वी चंपारण (रक्सौल): भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रक्सौल में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली दवाओं की एक विशाल खेप पकड़ी है, जिसे कार के जरिए सरहद पार नेपाल भेजने की योजना थी। इस मामले में पुलिस ने दो विदेशी तस्करों को भी दबोचा है।
गुप्त सूचना पर महदेवा बॉर्डर पर घेराबंदी
सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) सह प्रभारी थानाध्यक्ष हेमंत कुमार सिंह ने गुरुवार को प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि पुलिस को बुधवार रात सूचना मिली थी कि तस्करों का एक गिरोह महदेवा गांव के सैनिक रोड के रास्ते प्रतिबंधित दवाओं की बड़ी खेप नेपाल ले जाने वाला है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) मनीष आनंद के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और इलाके में सघन नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी गई।
कार की डिक्की में छिपाए थे 12,000 इंजेक्शन
तलाशी अभियान के दौरान आंध्र प्रदेश के रजिस्ट्रेशन नंबर वाली एक संदिग्ध कार को बॉर्डर की ओर जाते हुए रोका गया। जब पुलिस ने कार की डिक्की की बारीकी से जांच की, तो उसमें काले रंग के प्लास्टिक बैग में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं मिलीं। गिनती करने पर कुल 12,000 पीस नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। इनमें मुख्य रूप से नरफीन, डाइजेपाम और फेनआरगन जैसे इंजेक्शन शामिल हैं, जिनका उपयोग नशे के लिए अवैध रूप से किया जाता है।
दो तस्कर गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए
पुलिस ने मौके से कार सवार दो तस्करों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान नेपाल के बारा जिला (कलैया) निवासी वकील महतो और पर्सा जिला (श्रीपुर) निवासी पुरण ठाकुर के रूप में हुई है। दंडाधिकारी सह राजस्व अधिकारी अरविंद कुमार की उपस्थिति में मौके पर ही जब्ती सूची तैयार की गई। आरोपियों के खिलाफ रक्सौल थाने में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल, पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य मास्टरमाइंडों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

