RBSE Result 2026: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) के 10वीं के छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने खुद इस बात की पुष्टि कर दी है कि 10वीं कक्षा के परिणाम कल, 24 मार्च को घोषित किए जाएंगे । पिछले कई दिनों से रिजल्ट की तारीख को लेकर सोशल मीडिया और गलियारों में चल रहे सस्पेंस पर अब पूरी तरह पर्दा उठ गया है।

कल जारी होंगे 10वीं, 8वीं और 5वीं के नतीजे

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने केवल 10वीं ही नहीं, बल्कि जूनियर क्लास के बच्चों के लिए भी बड़ी घोषणा की है। उन्होंने बताया कि 10वीं के साथ-साथ 8वीं और 5वीं कक्षा के परिणाम भी कल ही जारी कर दिए जाएंगे । हालांकि, नतीजे किस समय लाइव होंगे, इसका समय अभी बोर्ड की ओर से तय किया जा रहा है ।

12वीं के छात्रों को करना होगा थोड़ा और इंतज़ार

जब शिक्षा मंत्री से 12वीं के नतीजों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने संकेत दिया कि 12वीं का रिजल्ट 31 मार्च को जारी होने की संभावना है। बता दें कि 12वीं (आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स) में इस बार करीब 8.5 से 9 लाख परीक्षार्थियों ने अपनी किस्मत आजमाई है।

क्यों हो रही थी देरी?

दरअसल, रिजल्ट को लेकर छात्र पिछले कई दिनों से परेशान थे। पहले 20 मार्च और फिर आज यानी 23 मार्च को नतीजे आने की चर्चाएं तेज थीं, लेकिन तकनीकी कारणों या बोर्ड की तैयारी की वजह से तारीखें आगे बढ़ती रहीं। अब अंतिम मुहर लगने से करीब 19 लाख छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों ने राहत की सांस ली है।

पढ़ें ये खबरें