RBSE Board Exam 2027: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने वर्ष 2027 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं को लेकर बड़ा बदलाव किया है। आगामी परीक्षाओं में विद्यार्थियों को 40 प्रश्नों की कैजिंग (आवरण प्रारूप) वाली नई आंसर कॉपी दी जाएगी। बोर्ड ने इस संबंध में प्रदेश के सभी परीक्षा केंद्रों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। नए आदेश के तहत पिछले वर्षों की मुख्य उत्तर पुस्तिकाओं का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। हालांकि, अतिरिक्त कॉपी यानी सप्लीमेंट्री के लिए पुरानी व्यवस्था ही जारी रहेगी।

40 प्रश्नों की कैजिंग वाली नई कॉपी में देंगे परीक्षा

RBSE के नए निर्देशों के मुताबिक, 2027 की बोर्ड परीक्षाओं में मुख्य उत्तर पुस्तिकाओं का प्रारूप बदला हुआ होगा। 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को नई डिजाइन वाली कॉपियां उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें प्रश्नों के अनुसार उत्तर लिखने के लिए निर्धारित प्रारूप रहेगा।

बोर्ड ने नई कॉपियों में पेजों की संख्या भी बढ़ाई है। साथ ही सभी मुख्य उत्तर पुस्तिकाओं में एकरूपता रखी गई है। बोर्ड के मुख्य परीक्षा नियंत्रक राजेश निर्वाण के अनुसार, नई कॉपियां राज्य के सभी परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाई जाएंगी।

पुरानी मुख्य आंसर कॉपी से नहीं दे सकेंगे परीक्षा

बोर्ड ने साफ कर दिया है कि परीक्षा केंद्रों पर पिछले वर्षों की बची हुई मुख्य उत्तर पुस्तिकाओं का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। यह प्रतिबंध बारकोड वाली और बिना बारकोड वाली, दोनों तरह की कॉपियों पर लागू होगा।

परीक्षा समाप्त होने के बाद इन अनुपयोगी उत्तर पुस्तिकाओं को उपस्थिति पत्रकों के साथ 300-300 के पैकेट में तैयार करना होगा। इसके बाद इन्हें ‘अनुपयोगी रिक्त उत्तर पुस्तिकाएं’ लिखे बोरों में भरकर निर्धारित संग्रहण केंद्रों पर जमा कराना होगा।

सप्लीमेंट्री कॉपी में नहीं होगा बदलाव

मुख्य उत्तर पुस्तिका के प्रारूप में बदलाव के बावजूद अतिरिक्त कॉपी की व्यवस्था पहले जैसी ही रहेगी। यदि किसी विद्यार्थी की मुख्य कॉपी भर जाती है तो उसे पहले से उपलब्ध 8 पेजों वाली सप्लीमेंट्री उत्तर पुस्तिका दी जाएगी।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि पिछले वर्ष की बची हुई 8 पेजों वाली सप्लीमेंट्री कॉपियों का भी इस्तेमाल किया जाना है। यानी मुख्य परीक्षा के लिए नई कॉपी अनिवार्य होगी, लेकिन अतिरिक्त कॉपी के लिए पुराना स्टॉक उपयोग में आएगा।

बची हुई नई कॉपियां अगले साल भी आएंगी काम

RBSE ने परीक्षा केंद्रों को नई उत्तर पुस्तिकाओं के स्टॉक को लेकर भी निर्देश दिए हैं। इस वर्ष प्राप्त नई मुख्य कॉपियों को इस्तेमाल के बाद बचने पर बोर्ड कार्यालय वापस नहीं भेजना होगा। इन्हें अगले साल की परीक्षाओं के लिए सुरक्षित रखना होगा।

इसी तरह 8 पेजों वाली सप्लीमेंट्री कॉपियों का बचा हुआ स्टॉक भी बोर्ड को नहीं लौटाया जाएगा। सभी उत्तर पुस्तिकाओं की स्टॉक रजिस्टर में एंट्री कर उन्हें सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।

10वीं और 12वीं के साथ अन्य परीक्षाओं में भी नई कॉपी

बोर्ड के अनुसार, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक परीक्षाओं की नई उत्तर पुस्तिकाएं संबंधित ट्रांसपोर्ट स्टेशन के माध्यम से परीक्षा केंद्रों तक भेजी जाएंगी। प्रवेशिका और वरिष्ठ उपाध्याय की सैद्धांतिक परीक्षाओं के लिए भी नई उत्तर पुस्तिकाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इन परीक्षाओं में भी केवल नई मुख्य उत्तर पुस्तिकाओं का ही इस्तेमाल होगा। बोर्ड ने सभी परीक्षा केंद्रों को नई व्यवस्था के अनुसार तैयारी करने के निर्देश दिए हैं।

पढ़ें ये खबरें