RCB vs MI IPL 2026: आईपीएल में आज डबल हेडर के दूसरे मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने मुंबई इंडियंस (MI) को 2 विकेट से हरा दिया। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में RCB ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 166 रन बनाए, जिसके जवाब में RCB ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 167 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
RCB की खराब शुरुआत, लेकिन क्रुणाल पांड्या ने संभाली पारी

167 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ही ओवर की चौथी गेंद पर विराट कोहली बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल 12 रन और कप्तान रजत पाटीदार 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
इसके बाद क्रुणाल पांड्या और जैकब बेथेल ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच 55 रन की अहम साझेदारी हुई। बेथेल 27 रन बनाकर आउट हुए, जबकि जितेश शर्मा 18 रन और टीम डेविड बिना खाता खोले आउट हो गए।
हालांकि, एक छोर पर क्रुणाल पांड्या टिके रहे और शानदार बल्लेबाजी करते हुए 73 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जिससे RCB को जीत की राह मिली।
आखिरी ओवर का रोमांच
आखिरी ओवर में RCB को जीत के लिए 15 रन की जरूरत थी। रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया था। 19.1 ओवर से ही मैच लगातार बदलता रहा। पहले रोमारियो शेफर्ड ने एक रन लिया, फिर नो बॉल पर फ्री हिट मिला, लेकिन उसका पूरा फायदा नहीं उठ सका। अगली गेंदों में एक वाइड और फिर सिंगल के साथ मुकाबला और भी टाइट हो गया।
19.3 ओवर पर RCB बड़ा झटका लगा जब रोमारियो शेफर्ड 4 रन बनाकर आउट हो गए और मैच MI की ओर झुकता दिखा। लेकिन इसके बाद भुवनेश्वर कुमार ने छक्का लगाकर फिर उम्मीद जगा दी।
19.5 ओवर में एक और सिंगल आया और आखिरी गेंद पर RCB को 2 रन चाहिए थे। 19.6 ओवर में भुवनेश्वर कुमार और राज बावा के बीच रन पूरा हुआ और इसी के साथ RCB ने बेहद रोमांचक मुकाबला 2 विकेट से जीत लिया। मैच का अंत इतना करीबी था कि अंतिम क्षण तक किसी को जीत का भरोसा नहीं था।
मुंबई की ओर से तिलक वर्मा चमके, लेकिन नहीं दिला सके जीत
इससे पहले मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 3 ओवर में 28 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे। रयान रिकेल्टन 2 रन, रोहित शर्मा 22 रन और कप्तान सूर्यकुमार यादव बिना रन बनाए आउट हुए।

इसके बाद नमन धीर और तिलक वर्मा ने 82 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला। नमन धीर 47 रन बनाकर आउट हुए, जबकि तिलक वर्मा ने 57 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। अंत में मुंबई 166 रन तक ही पहुंच सकी।
RCB और MI के गेंदबाजों का प्रदर्शन

RCB की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए। उनके अलावा रसिख सलाम, रोमारियो शेफर्ड और जोश हेजलवुड को 1-1 सफलता मिली। मुंबई के लिए कॉर्बिन बॉश ने 4 विकेट झटके। वहीं दीपक चाहर और अल्लाह गजनफर को 1-1 विकेट मिला।
MI प्लेऑफ की रेस से बाहर, प्वाइंट्स टेबल के टॉप पर पहुंची RCB

गौरतलब है कि इस हार के साथ मुंबई इंडियंस की टीम आईपीएल 2026 की प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई है, जबकि RCB इस जीत के बाद 14 अंक के साथ प्वाइंट्स टेबल के टॉप पर पहुंच गई है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

