राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। EXCLUSIVE: हॉर्स ट्रेडिंग से बचाने के लिए कांग्रेस विधायकों को स्टेट हैंगर भेजने की तैयारी में जुटी थी, ठीक उसी समय बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के वाट्सएप पर कुछ गोपनीय पेपर आए। साथ में मैसेज भी था कि अभी ये एक मात्र मामला है, कुछ देर में बता दिया जाएगा कि नामांकन-फॉर्म में कहां-कहां और क्या-क्या आपत्ति दर्ज कराना है, जिससे बाद नामांकन-फॉर्म निरस्त होने की शत-प्रतिशत गारंटी भी रहेगी।

पहली फेर में आए पेपर प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने तेलंगाना संगठन से वैरिफाई करवाए, लेकिन 2019 के इस मामले में कोई दम नहीं निकला। इस बीच कुछ पेपर आए और दावा किया गया कि इस नए मामले की नामांकन-फॉर्म में जानकारी दर्ज नहीं है और ऐसा नहीं होने पर नामांकन-फॉर्म निरस्त हो ही जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष ने तेलंगाना को पेपर भेजे और वहां से रिटर्न आए मैसेज के बाद तो बीजेपी ने पुराने सारे प्लान डंप कर दिए और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की सलाह पर नई रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया गया।

गलतियां मार्क कर वाट्सएप पर भेजी गई

मैसेंजर ने यह भी बताया कि कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के नामांकन-फॉर्म में कहां-कहां और क्या-क्या गड़बड़ियां हैं। जानकारी के लिए नामांकन-फॉर्म की गलतियां मार्क कर वाट्सएप पर ही भेजी गईं। इसके बाद प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बरुआ, संसदीय कार्यमंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह समेत अन्य नेताओं को विधानसभा भेजा गया। सभी को बताया गया कि मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पर क्या आपत्तियां लगाना है।

बीजेपी की आपत्ति पर सन्न रह गए

साथ ही इसकी रणनीति भी तय की गई कि आपत्ति कब लगाना है। विधानसभा में सबसे पहले बीजेपी के प्रत्याशी तरुण चुघ, फिर रजनीश अग्रवाल फिर महेश केवट के नामांकन-पत्रों की स्क्रूटनी हुई और कुछ ही समय में तीनों नामांकन-पत्रों की वैधानिकता पर मुहर भी लग गई। अब बारी कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के नामांकन-पत्र की आई। उस दौरान स्क्रूटनी में बड़े नेताओं के नाम पर कांग्रेस से खुद मीनाक्षी नटराजन और विधि सलाहकार वरिष्ठ नेता जेपी धनोपिया ये दो ही नेता थे।

बीजेपी ने रिटर्निंग ऑफिसर के सामने मीनाक्षी नटराजन के नामांकन-पत्र पर आपत्ति जताई तो कांग्रेस के दोनों नेता सन्न रह गए। दोनों नेता रिटर्निंग ऑफिसर के सामने से उठे और आनन-फानन में फोन घनघनाए। वरिष्ठ नेताओं को सूचना दी गई और विधानसभा में बवाल खड़ा हो गया। कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने विधानसभा की ओर कूच की और इसके बाद का वाक्या पूरी तरह वही है जो तस्वीरें आप, हम और सबने देख रखी हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m